Bulldozer Action in Barharwa: अंचल क्षेत्र के श्रीकुंड ब्रिज मोड़ के पास प्रशासन की ओर से अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया गया। जिसका नेतृत्व बरहरवा अंचलाधिकारी रामजी वर्मा ने किया। वहीं मुख्य रूप से थाना प्रभारी कोटलपोखर चंदन कुमार भैया, थाना प्रभारी बरहरवा सुमित कुमार सिंह एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही। मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2009-10 में सड़क चौड़ीकरण हेतु भू अर्जन विभाग द्वारा उक्त जमीनों का अर्जन किया गया था लेकिन जमीन का क्रय मूल्य कम होने के कारण कुछ रैयतों ने मुआवजा लेने से इनकार कर दिया था। वहीं कुछ रैयतों ने भवन एवं जमीन का मुआवजा लिया था। जिसके लेकर पिछले कुछ वर्षों से विभाग द्वारा लगातार नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था। उक्त अतिक्रमण के कारण आम जनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था एवं हर समय जाम की स्थिति बनी रहती थी। खासकर स्कूली बच्चों को परेशानियों से दो चार होना पड़ता था। इस को लेकर अंचलाधिकारी बरहरवा द्वारा विगत दिनों अंतिम नोटिस दिया गया था जिसमें रैयतों को जमीन खाली करने का मौका भी दिया गया। अंततः शनिवार को प्रशासन द्वारा बुलडोजर कारवाई की गई जिसमें लगभग दर्जनों दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। वहीं रैयतों ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें भी किसी भी प्रकार का नोटिस नहीं दिया गया था ना ही उक्त अतिक्रमित जमीन का नापी हुआ है। रैयतों ने किसी प्रकार का मुआवजा भी नहीं लिया है। बावजूद इसके बलपूर्वक बुलडोजर चलाकर जमीन खाली करवा दिया गया।

वहीं अंचलाधिकारी रामजी वर्मा का कहना है कि वर्ष 2009-10 में भू अर्जन के समय से ही लगातार रैयतों को नोटिस दिया जा रहा था। बावजूद इसके रैयतों द्वारा मुआवजा नहीं लिया गया और न ही जमीन खाली किया गया। अंततः कारवाई कर जमीन खाली करवाया गया।









