Sahibganj/Taljhari, 22 मई 2025 (गुरुवार): साहिबगंज जिला इन दिनों अपराध की गिरफ्त में है। दिन-प्रतिदिन बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। संजीव गुप्ता हत्याकांड की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर स्थित डाक बंगला खंता इलाके में एक और हत्याकांड ने सनसनी फैला दी है।
-
दिन ढलते ही गूंज गई गोली, युवक की मौत
गुरुवार शाम लगभग 6 बजे एक 30 वर्षीय युवक को गोली मार दिया गया। युवक को गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. मुकेश कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि गोली सीने के बीचो-बीच लगी थी, जो आर-पार हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि कितनी गोलियां लगी थीं। मृतक की पहचान महाराजपुर के नयाटोला निवासी बेचन मंडल के पुत्र पांचू मंडल के रूप में हुई है।
-
मरने से पहले बताया हत्यारे का नाम
घटना स्थल पर पहुंचने पर मृतक के बड़े भाई फेकन मंडल ने बताया कि घायल पांचू ने अंतिम सांस लेने से पहले खुद बताया कि गदाई दियारा का जॉनी टाइगर नामक युवक ने उसे गोली मारी है।
Sahibganj: गोलियों की गूंज से Sahibganj में भय का माहौल, संजीव के बाद एक और युवक की गोली मारकर हत्या। गुरुवार शाम लगभग 6 बजे एक 30 वर्षीय युवक को गोली मार दिया गया। युवक को गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. मुकेश कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। pic.twitter.com/lhmhEpsZ1O
— WM 24X7 NEWS (@wm24x7newz) May 22, 2025
-
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना पाकर जिरवाबाड़ी और तालझारी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन हत्यारे की पहचान होने के बाद गिरफ्तारी की संभावना तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक जॉनी टाइगर की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस इस हत्याकांड को आपसी रंजिश या व्यक्तिगत दुश्मनी से भी जोड़कर देख रही है।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब जिले में व्यवसायी संजीव गुप्ता की हत्या की गूंज अभी तक शांत नहीं हुई। इन घटनाओं ने जिले में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता में रोष और दहशत है। साहिबगंज में लगातार हो रही हत्याएं पुलिस की कार्यप्रणाली और खुफिया तंत्र की नाकामी को उजागर कर रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि प्रशासन सख्त कार्रवाई करे और अपराधियों में डर कायम करे, वरना एक और पांचू मंडल या संजीव गुप्ता कल किसी और गली में गोली का शिकार होगा।









