Tinpahar/Sahibganj: रात होते ही तीनपहाड़ जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर अंधेरा छा जाता है। खासकर एक्सप्रेस ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय बिजली गुल हो जाती है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति न सिर्फ असुरक्षा को बढ़ाती है, बल्कि आपराधिक घटनाओं की आशंका को भी जन्म देती है। स्थानीय यात्रियों का कहना है कि रात के समय स्टेशन परिसर में लाइट नहीं रहने से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ट्रेन पकड़ने आए लोग प्लेटफॉर्म पर फैले अंधेरे में खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं।
तीनपहाड़ निवासी समाजसेवी नाजिम उर्फ लड्डू ने कहा, “हर दिन एक्सप्रेस ट्रेनों के समय लाइट कट जाती है, जिससे लोग डर जाते हैं। स्टेशन प्रशासन को चाहिए कि रात के समय बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करे और साफ-सफाई पर भी ध्यान दे।”
वहीं झामुमो के प्रखंड उपाध्यक्ष मुर्शिद राजा ने स्टेशन की स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, “यह जंक्शन है, लेकिन इसकी स्थिति किसी छोटे स्टेशन जैसी है। कम से कम जंक्शन को उसका असली रूप दिया जाना चाहिए।”
स्थानीय यात्रियों ने भी स्टेशन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली कटौती और साफ-सफाई की अनदेखी से यात्रा करना असुरक्षित हो गया है। उनका आरोप है कि रेलवे के अधिकारी केवल औपचारिकता निभाते हैं और मेंटेनेंस के नाम पर खानापूर्ति होती है। स्टेशन को केवल तब ही चमकाया जाता है जब कोई वरीय अधिकारी का दौरा होता है।
लोगों की मांग है कि रेलवे प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत संज्ञान ले और एक्सप्रेस ट्रेनों के समय बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करे। साथ ही स्टेशन की साफ-सफाई और सुरक्षा को प्राथमिकता दे।
ये भी पढ़ें: बिहार दौरे के दौरान PM Narendra Modi को मिली जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार









