Patna: बिहार के चर्चित यूट्यूबर और राजनीतिक कार्यकर्ता मनीष कश्यप (Manish Kashyap) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस्तीफा देकर सूबे की राजनीति में हलचल मचा दी है। शनिवार रात उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए अपने इस्तीफे का ऐलान करते हुए पार्टी नेतृत्व पर जमकर भड़ास निकाली। मनीष कश्यप ने कहा कि अब वह पार्टी में रहकर बिहार के हितों की लड़ाई नहीं लड़ सकते, इसलिए उन्होंने बीजेपी छोड़ने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि मनीष कश्यप ने 25 अप्रैल 2024 को लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी की सदस्यता ली थी। उन्हें पार्टी में लाने की भूमिका भोजपुरी अभिनेता और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने निभाई थी। इसके बाद वह लोकसभा और झारखंड विधानसभा चुनावों के दौरान बीजेपी उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करते नजर आए थे। बताया जा रहा है कि मनीष कश्यप बिहार विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन टिकट की गारंटी न मिलने के चलते उनका पार्टी से मोहभंग हो गया।
-
पीएमसीएच कांड बना इस्तीफे की वजह
बीजेपी से इस्तीफे के पीछे पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) की घटना बड़ी वजह मानी जा रही है। मनीष कश्यप ने आरोप लगाया कि पीएमसीएच में उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना के बाद बीजेपी ने चुप्पी साध ली, जिससे वह बेहद आहत हुए। उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य मंत्री बीजेपी से हैं, लेकिन उन्होंने भी न्याय नहीं दिलाया। यह मेरी आत्मा को कचोट रहा था।”
-
जनता से मांगा सुझाव: “किस पार्टी से लड़ूं?”
फेसबुक लाइव के दौरान मनीष कश्यप ने यह भी संकेत दिया कि वह विधानसभा चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं। उन्होंने जनता से पूछा कि उन्हें किस सीट से चुनाव लड़ना चाहिए और किस पार्टी से या निर्दलीय के तौर पर चुनाव मैदान में उतरना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि बिहार की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और पलायन जैसे मुद्दों से है।
“अब मुझे लग रहा है कि पार्टी में रहकर मजबूती से आवाज नहीं उठा पाऊंगा, इसलिए मैंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। मैं अब पूरी ताकत से बिहार के लिए लड़ूंगा,” – मनीष कश्यप
-
राजनीतिक समीकरणों पर असर संभव
मनीष कश्यप की लोकप्रियता खासकर युवाओं और सोशल मीडिया पर अच्छी खासी है। ऐसे में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी को उनका पार्टी छोड़ना एक बड़ा झटका माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह किस राजनीतिक मंच से अपनी नई पारी शुरू करते हैं या फिर निर्दलीय मैदान में उतरते हैं।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: कल्याणचक ज्वेलरी दुकान लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक बरामद









