Ranchi: भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर कोकर स्थित उनके समाधि स्थल में माल्यार्पण करने पहुंचीं झारखंड की पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव और उनके साथ मौजूद करीब 15 से 20 समर्थकों को पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए अन्य लोगों में हेरेंज टोप्पो, कुंदरसी मुंडा, फुलचंद तिर्की, संगीता कच्छप, हर्षिता मुंडा, सन्नी हेमरोम, विजय उरांव, बाहा लिंडा, उर्मिला कच्छप, संदीप तिर्की, कलिका गाड़ी और सिमी मुंडा जैसे नाम शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई महज माल्यार्पण को लेकर नहीं, बल्कि 30 मार्च को हुए एक प्रदर्शन के सिलसिले में की गई है। उस दिन आदिवासी समाज द्वारा कोकर स्थित केंद्रीय सरना स्थल के सामने से फ्लाईओवर का रैंप हटाने की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान बैरिकेडिंग तोड़कर प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी। प्रशासन ने उस प्रदर्शन को लेकर चुटिया थाना में गीताश्री उरांव समेत 21 नामजद और 150 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। उसी केस में कार्रवाई करते हुए आज पूर्व मंत्री और उनके सहयोगियों को हिरासत में लिया गया है।
इस घटनाक्रम के बाद समाधि स्थल के आसपास तनाव का माहौल बन गया है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। समर्थकों का आरोप है कि यह कार्रवाई आदिवासी अस्मिता को दबाने और आंदोलन को कुचलने की कोशिश है।
पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव ने हिरासत को लेकर कहा, “मैं केवल भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने आई थी। लेकिन यह सरकार हमें हमारी परंपरा, श्रद्धा और अधिकार तक से वंचित करना चाहती है।” उन्होंने इसे आदिवासी अधिकारों का सीधा उल्लंघन बताया।
30 मार्च को आदिवासी समाज के लोगों ने केंद्रीय सरना स्थल के सामने बने फ्लाईओवर रैंप को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन किया था। आंदोलनकारियों का कहना था कि यह रैंप धार्मिक भावनाओं और आस्था स्थल के सम्मान के खिलाफ है। प्रशासन ने उस दिन भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था और बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते बंद किए थे, जिससे आंदोलन उग्र हो गया था।
इस मामले ने एक बार फिर आदिवासी समुदाय और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी है। गीताश्री उरांव की गिरफ्तारी के बाद सियासी प्रतिक्रिया भी तेज हो सकती है। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Ranchi में चोरों की पुलिस से अनोखी गुहार: “हम तो चोरी करने आए थे, डकैती के शिकार हो गए!”









