Kotalpokhar (Barharwa): जहां एक ओर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अक्सर हंगामे और विरोध की तस्वीरें सामने आती हैं, वहीं कोटालपोखर से एक मिसाल पेश करने वाली खबर सामने आई है। शांति मोड़ के निवासी रामजी साहा और प्रेमचंद साह ने प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे रोड चौड़ीकरण अभियान को समझते हुए बिना किसी सरकारी दबाव के स्वेच्छा से अपने भवनों के सामने से अतिक्रमण हटा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों व्यवसायियों ने विकास की आवश्यकता को समझते हुए स्वयं जेसीबी मशीन मंगवाकर अपने भवनों के आगे बने अतिक्रमण को शांति और सौहार्द्रपूर्वक हटाया। इस दौरान न कोई विवाद हुआ, न ही कोई प्रशासनिक दबाव देखने को मिला। इस सकारात्मक पहल की सराहना स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से लेकर आम नागरिकों तक ने की है। अधिकारियों ने इसे सामुदायिक जागरूकता और सहयोग की बेहतरीन मिसाल बताया।
प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि यदि अन्य प्रभावित लोग भी इसी भावना से सहयोग करें, तो क्षेत्र में चल रहा रोड चौड़ीकरण अभियान सहज और शांति पूर्ण ढंग से आगे बढ़ सकेगा। रामजी साहा और प्रेमचंद साह की यह पहल न केवल कोटालपोखर के लिए, बल्कि पूरे राज्य के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण बन सकती है।









