Tinpahar: साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के जस्कुटी मुख्य पथ पर बुधवार की दोपहर एक तेज़ रफ्तार ओवरलोड हाइवा ने मोटरसाइकिल सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान निश्चिंता गांव निवासी लखीराम हांसदा (35) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लखीराम अपने गांव से तीनपहाड़ बाजार जा रहा था, तभी पीछे से आ रही आरकेएस कंपनी की हाइवा संख्या JH-01-BZ-4949 ने उसे टक्कर मारते हुए कुचल दिया। घटना के समय दोनों हाइवा वाहन स्टोन चिप्स से ओवरलोड थे। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़ कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामीण सड़कों पर रोजाना ओवरलोड हाइवा का संचालन हो रहा है, जिससे आम लोगों को जान का खतरा बना रहता है। तीनपहाड़ थाना प्रभारी एमके पांडेय, तालझारी थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम भी मौके पर पहुँचे और परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की। उन्होंने तालझारी अंचलाधिकारी से मृतक के परिवार को अविलंब आवास, वृद्धा पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर ओवरलोड हाइवा का संचालन नहीं रुका तो 18 जून को मुख्य सड़क जाम कर दिया जाएगा।
“ओवरलोड हाइवा की मनमानी से आदिवासी गाँवों की ज़मीन और पर्यावरण दोनों को नुकसान पहुँच रहा है। प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है।” – लोबिन हेम्ब्रम, पूर्व विधायक
वहीं स्थानीय मुखिया पौलुस मुर्मू ने भी हाइवा की मनमानी और पुलिस-प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मृतक के परिजनों को जल्द सरकारी लाभ देने की माँग की।
“दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति होती है।” – सलखु, बीजेपी नेता
बीजेपी नेता सलखु ने बताया कि जब ग्रामीणों ने पहले ही कंपनी के चालकों को रोका था, तो उन्हें धमकाया गया कि ज्यादा विरोध करने पर केस में फंसा दिया जाएगा। उन्होंने भी प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए।
इस संबंध में तालझारी सीओ ने मृतक परिवार को सरकारी सहायता देने का भरोसा दिलाया और तीनपहाड़ थाना को हाइवा पर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है।
तीनपहाड़ थाना प्रभारी ने बताया कि, घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर थाना लाया गया है और आगे की जांच जारी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर दोषी वाहन मालिक और चालक पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे और सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराएंगे।









