Sahibganj/Rajmahal: बीते दो दिनों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण तालझारी प्रखंड के सैदपुर कन्हैया स्थान स्थित कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने महाराजपुर-राजमहल मुख्य सड़क को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन सड़क के निर्माण से उनका रिहायशी क्षेत्र सड़क से नीचे हो गया है। इसके चलते बारिश का पानी उनके घरों में घुस जाता है। नाला नहीं बनाए जाने की वजह से जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे हर बारिश में भारी जलजमाव हो जाता है।
स्थानीय महिला रीता देवी ने बताया,
“फोरलेन सड़क ऊंचा बना दिया गया है, लेकिन नाला नहीं बनाया गया। पानी सीधे घरों में घुस जाता है। इस बार घर में रखे धान, चावल, आटा, प्याज-लहसुन सहित अन्य सामान खराब हो गए हैं। लगभग डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हम मुआवज़ा की मांग कर रहे हैं।”
ग्रामीण शर्मिला देवी ने कहा,
“कमर तक पानी घर में घुस गया है। खाना नहीं बना पा रहे हैं। अनाज और बर्तन सब गीले हो गए हैं। अगर समय पर नाला बना दिया जाता, तो यह नुकसान नहीं होता।”
जाम की सूचना मिलते ही राजमहल सीओ सह बीडीओ युसूफ खान एवं राजमहल थाना प्रभारी गुलाम सरवर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की, समस्याओं को गंभीरता से सुना और जलनिकासी व्यवस्था का स्थायी समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
मौके पर पहुंचे भाजपा नेता राजेश मंडल ने भी प्रशासन से समन्वय कर ग्रामीणों को समझाया और सहयोग का भरोसा दिया। ग्रामीणों की मांग है कि तत्काल प्रभावित परिवारों को राहत दी जाए, और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए फोरलेन सड़क के किनारे प्रभावी नाला निर्माण कराया जाए।
ये भी पढ़ें: Sahibganj में मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई घरों में घुसा पानी
