Sahibganj, 18 जुलाई: जिले में खनन प्रभावित क्षेत्रों के सतत और समावेशी विकास को लेकर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) की शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-अध्यक्ष हेमंत सती ने की। बैठक में राजमहल लोकसभा सांसद विजय कुमार हांसदा, राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन एवं पाकुड़ विधायक निसात आलम समेत जिले के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छ पेयजल, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करना और सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है।
जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई रचनात्मक सुझाव दिए। इनमें ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा का विस्तार, मोबाइल मेडिकल यूनिट की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल के लिए पाइपलाइन का विस्तार, और स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि पारित योजनाओं को शीघ्रता से और पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि,
“डीएमएफटी का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ विकास सुनिश्चित करना है। इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उल्लेखनीय है कि डीएमएफटी फंड का उपयोग उन क्षेत्रों में किया जाता है जो खनन गतिविधियों से प्रभावित हैं, ताकि वहां के निवासियों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (#DMFT), साहिबगंज की शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता करते हुए खनन प्रभावित क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास पर विस्तृत चर्चा हुई। स्वास्थ्य, शिक्षा, शुद्ध पेयजल, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण व आधारभूत संरचनाओं से जुड़ी कई योजनाएं स्वीकृत की गईं। @JharkhandCMO pic.twitter.com/9T5mqWFS9Q
— DC Sahibganj (@dc_sahibganj) July 18, 2025
ये भी पढ़ें: Sahibganj: सब जूनियर नेशनल फुटबॉल के लिए बोरियो के हेमंत हांसदा झारखंड टीम में चयनित, अमृतसर रवाना









