-
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में चला ऑपरेशन, बाल मंथन संस्थान की रही अहम भूमिका
Barharwa (Sahibganj), 27 जुलाई: मानव तस्करी रोकने के उद्देश्य से बरहरवा रेलवे स्टेशन पर दिनांक 27.07.2025 को रात्रि 8 बजे से एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार कर रहे थे, जिनके साथ सहायक उप निरीक्षक सुरेश पासवान, आरक्षी अनील कुमार सह, आरक्षी जय कुमार सिंह एवं बाल मंथन संस्थान साहिबगंज की प्रतिनिधि अंशु मालाकार भी शामिल थीं।
जांच के दौरान जब टीम प्लेटफॉर्म नंबर 1 स्थित लिफ्ट के पास पहुंची, तो वहां तीन नाबालिग लड़के संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए गए। पूछताछ करने पर दो बच्चों ने खुद को रांगा थाना क्षेत्र (साहिबगंज) का निवासी बताया और कहा कि वे बरहरवा से हावड़ा होते हुए चेन्नई काम करने जा रहे हैं। तीसरे बच्चे ने बताया कि वह उधवा थाना क्षेत्र (साहिबगंज) का रहने वाला है और दिल्ली में काम करने के इरादे से बिना किसी को बताए घर से निकल आया है।
उसी दौरान, जब टीम बच्चों को लेकर आरपीएफ पोस्ट ले जा रही थी, तो स्टेशन के मुख्य द्वार के पास एक नाबालिग लड़की संदिग्ध अवस्था में घूमती दिखी। पूछताछ करने पर उसने खुद को बरहेट थाना क्षेत्र (साहिबगंज) की निवासी बताया। लड़की ने कहा कि उसके माता-पिता का देहांत हो चुका है, और वह अपने भैया-भाभी के साथ रहती है। उसने बताया कि बिना किसी को बताए लखनऊ काम करने के उद्देश्य से निकली थी।
सभी नाबालिग बच्चों की बातचीत और गतिविधियां संदिग्ध लगने के कारण चारों को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। तत्पश्चात, बाल संरक्षण संस्थान ‘बाल मंथन साहिबगंज’ की प्रतिनिधि अंशु मालाकार को सभी चारों बच्चों को आगे की काउंसलिंग और संरक्षण हेतु विधिवत रूप से सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें: Miami एयरपोर्ट पर सज-धजकर पहुंची महिला की चेकिंग के दौरान ब्रा में हलचल, सच्चाई जानकर दंग रह गए सुरक्षाकर्मी









