Ranchi, 1 अगस्त: झारखंड (Jharkhand) विधानसभा का मानसून सत्र आज से आरंभ हो रहा है, जो आगामी 7 अगस्त तक चलेगा। कुल 5 कार्यदिवसों वाले इस सत्र को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। एक ओर जहां राज्य सरकार कई अहम विधेयकों को सदन में लाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना चुका है। ऐसे में सत्र के हंगामेदार रहने के पूरे आसार हैं। इस सत्र के दौरान 4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। सरकार की ओर से उम्मीद की जा रही है कि इस बजट में जनहित से जुड़ी कई विकास योजनाओं को मंजूरी दी जा सकती है।
सत्र के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधियों ने मानसून सत्र को व्यवस्थित रूप से चलाने पर सहमति जताई। अध्यक्ष महतो ने सभी पक्षों से आग्रह किया कि जनता के हित में संवाद और बहस का स्तर बनाए रखा जाए।
विपक्षी दल राज्य सरकार की नीतियों, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, जलसंकट, बेरोजगारी, और हालिया घोटालों जैसे मुद्दों को लेकर सवाल खड़े करने को तैयार हैं। भाजपा समेत अन्य विपक्षी दल सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में हैं। राज्य की जनता को उम्मीद है कि इस सत्र के माध्यम से कुछ ठोस फैसले लिए जाएंगे और अधूरे पड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी। विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और जल आपूर्ति जैसे मूलभूत मुद्दों पर ठोस चर्चा की अपेक्षा की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj व Godda एसपी ने की बाबा गाजेश्वरनाथ धाम में पूजा, शिवगादी समिति ने किया सम्मानित









