Tinpahar: डायन बिसाही के आरोप में पेड़ से बांधकर वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या

Tinpahar: Elderly man tied to a tree and beaten to death on charges of witchcraft

Tinpahar/Sahibganj: तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बड़ा दुगापुर पंचायत अंतर्गत टेलोटोक गांव में शनिवार को डायन बिसाही का आरोप लगाकर 60 वर्षीय गुईया पहाड़िया की भीड़ ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, गांव में हाल ही में ग्राम प्रधान की मृत्यु हो गई थी। प्रधान के परिजन मृतक गुईया पहाड़िया पर जादू-टोना और डायन बिसाही का आरोप लगाते आ रहे थे। इसी आरोप को लेकर शनिवार को गांव के चबूतरे पर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत खत्म होने के बाद गुईया पहाड़िया अपने घर लौट गए, लेकिन कुछ देर बाद ग्राम प्रधान के परिजन उन्हें घर से बुलाकर फिर चबूतरे के पास लाए और गांव के पेड़ से बांध दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय, एसआई शाहिद अनवर खान और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के बेटे, बहू और अन्य परिजनों ने उनके पति को घर से बुलाकर पेड़ से बांध दिया और पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं मृतक की बेटी सोनाली पहाड़िन ने बताया कि कुछ दिनों पहले गांव में एक परिवार के दो-तीन सदस्यों की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद से लगातार उसके पिता पर डायन बिसाही का आरोप लगाया जा रहा था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। हालांकि, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय ने घटना के संबंध में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।

ग्रामीण क्षेत्रों में डायन-बिसाही के नाम पर इस तरह की घटनाएं एक बार फिर से अंधविश्वास और कुप्रथाओं की गहरी जड़ें उजागर करती हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें: Ranchi: रेल टेका डहर छेका आंदोलन शुरू, ट्रैक पर बैठे आंदोलनकारी, कई जगह रेल सेवा ठप

ABHISHEK KUMAR
Author: ABHISHEK KUMAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements
Rajesh Jaiswal - Ad created on August 15, 2025

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!