Pakur: अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बोडा मोड़ के पास 12 सितम्बर को हुई 3 लाख रुपये की लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने कुख्यात अपराधी ईश्वर उर्फ मानिक मुर्मू और उसके सहयोगी कोलेश हांसदा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1 लाख 19 हजार रुपये नकद, एक लोहे का देशी कट्टा, चार राउंड जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 12 सितम्बर की सुबह तीन हथियारबंद अपराधियों ने बोडा मोड़ के पास एक लारी चालक को रोककर कट्टा दिखाकर 3 लाख रुपये लूट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया।
जांच के दौरान ईश्वर मुर्मू ने पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश भी की, लेकिन लगातार छापेमारी और निगरानी के बाद 19 सितम्बर को लिट्टीपाड़ा की ओर जाते समय टुंगाडांड के पास वाहन जांच के दौरान दोनों अपराधियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ईश्वर मुर्मू पर पाकुड़, दुमका और आसपास के जिलों में लूट, छिनैती और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वह क्षेत्र का कुख्यात अपराधी माना जाता है और लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है और लूटी गई पूरी रकम बरामद करने के लिए छापेमारी अभियान जारी है।
यह भी पढ़ें: Tinpahar: डायन बिसाही के आरोप में पेड़ से बांधकर वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या









