Sahibganj: शहर के गुल्ली भट्टा स्थित 20 फीट ऊँची बम काली की प्रतिमा का विसर्जन श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति भाव के बीच संपन्न हुआ। विसर्जन यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। बम काली की विशाल प्रतिमा को बम काली मंदिर से निकालकर दहला रोड, चौक बाजार, बड़ी गड्डी, टीजी रोड, गांधी चौक, पटेल चौक, रेलवे स्टेशन, ग्रीन होटल, चर्च रोड, बिजली घाट होते हुए गंगा तट तक लाया गया। प्रतिमा वाहन पर सवार थी और इसे रस्सियों से खींचते हुए श्रद्धालुओं ने विसर्जन स्थल तक पहुँचाया। यात्रा के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु बम काली के जयकारे लगाते हुए लगातार चलते रहे। लोग मां काली के दर्शन के लिए सड़कों के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े थे। कई श्रद्धालु अपने घरों की छतों से भी प्रतिमा को निहारते रहे। इस दौरान मां काली के जयकारों ने श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति भाव को बढ़ा दिया।
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
विसर्जन यात्रा के दौरान पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट नजर आया। हर प्रतिमा के साथ पुलिस बल तैनात थे और चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई थी। वरीय पदाधिकारी शहर भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी
बम काली की विसर्जन यात्रा में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिमा को वाहन में बिठाकर रस्सियों के माध्यम से खींचने की परंपरा में महिलाएं भी सक्रिय रूप से शामिल हुईं। छोटे-बड़े सभी महिलाओं ने श्रद्धा भाव से रस्सी खींचकर मां काली की प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक पहुँचाया।
गंगा घाट का लिया जायजा
विसर्जन को लेकर गंगा तट का जायजा उपायुक्त सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारियों ने लिया। उपायुक्त और अन्य पदाधिकारियों ने बिजली घाट से चानन घाट तक के मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
श्रद्धालुओं ने मां काली की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे शहर में यह भव्य विसर्जन यात्रा श्रद्धा और उत्साह का प्रतीक बनकर उभरी।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: बड़ी काली महारानी का भव्य विसर्जन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल









