Sahibganj: 18 अक्टूबर से लापता युवक का बंद अवैध कोयला खदान से मिला शव, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला

Sahibganj: Body of youth missing since October 18 found in closed illegal coal mine, case related to love affair
  • पिता ने पूर्व में दर्ज कराई थी जान से मारने की नियत से अपहरण की प्राथमिकी

Barhet/Sahibganj: बरहेट थाना क्षेत्र के छुछी पंचायत अंतर्गत कैशापुली स्थित बंद और अवैध कोयला खदान से शनिवार को एक युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान साहिबगंज जिला मुख्यालय के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के कलुवा टोला बड़ा तौफिर निवासी जितेंद्र मुंडा (28 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक काले रंग की स्कूटी भी बरामद की है।

स्थानीय लोगों ने खदान में युवक का शव तैरते हुए देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। बरहेट पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेजने की प्रक्रिया शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक की हत्या कर शव को बंद कोयला खदान की सुरंग में प्लास्टिक रस्सी से बांधकर फेंका गया था। आशंका जताई जा रही है कि इस घटना में आधा दर्जन लोग शामिल हो सकते हैं।

इस घटना से पहले मृतक के पिता बुलडू मुंडा (57 वर्ष) ने 25 अक्टूबर को जिरवाबाड़ी थाना में अपने बेटे के अपहरण की आशंका जताते हुए लिखित आवेदन दिया था। उनके आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 202/2025 दर्ज की गई थी, जिसमें जुशांति सोरेन और उसके पति शिवराम मुर्मू, दोनों निवासी मुखदी, थाना बरहेट, जिला साहिबगंज को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।

बुलडू मुंडा ने अपने आवेदन में बताया था कि 16 अक्टूबर की शाम उनका बेटा जितेंद्र मुंडा अपने दोस्त मुन्ना मरांडी के साथ स्कूटी पर सवार होकर कुसमा (बरहेट) गया था। रात में वे सागर मुर्मू के घर ठहरे थे। अगले दिन सुबह जब मुन्ना मरांडी जागा, तो जितेंद्र गायब था और उसका मोबाइल बंद मिला। आवेदन के अनुसार, जितेंद्र ने अपने दोस्त से बताया था कि वह जुशांति सोरेन से प्यार करता है और उसी से मिलने तथा कुछ पैसे लेने जा रहा है। पिता ने इस आधार पर आशंका जताई थी कि जुशांति सोरेन और उसका पति शिवराम मुर्मू ने उसके बेटे को जान से मारने की नीयत से अपहरण कर लिया है।

बरहेट थाना प्रभारी ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और जिरवाबाड़ी थाना में दर्ज अपहरण कांड को इसमें जोड़कर जांच की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।

इस हत्याकांड से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग बंद पड़े कोयला खदानों में जारी अवैध गतिविधियों पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: Sahibganj: झामुमो केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने परिवार के साथ किया खरना पूजन

WASIM AKRAM
Author: WASIM AKRAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements
Rajesh Jaiswal - Ad created on August 15, 2025

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!