Raipur: छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे से मंगलवार को सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिलने की खबर है। राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर हुई मुठभेड़ में नक्सली कमांडर हिड़मा और उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का को मार गिराने का दावा किया है। दोनों के मारे जाने की तस्वीरें सामने आने के बाद हलचल तेज है, हालांकि हिड़मा की मौत की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
उधर, सुकमा जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र में भी सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यहाँ छह नक्सली ढेर किए जा चुके हैं। पुलिस को सोमवार देर रात ही बड़ी संख्या में नक्सलियों के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद डीआरजी के जवानों को ऑपरेशन पर भेजा गया। सुबह दस्ते के पहुँचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन में शामिल टीम से फोन पर संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली है। वहीं राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हिड़मा के मारे जाने की सूचना सही लग रही है, पर अंतिम पुष्टि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही होगी।
पुलिस का कहना है कि जंगल में तलाशी अभियान जारी है और ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही नक्सलियों को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले सुकमा में 15 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सलियों का एनकाउंटर किया गया था।
ये भी पढ़ें: Jharkhand की प्रगति से बौखलाई BJP, बेबुनियाद आरोप घबराहट का नतीजा: विनोद पांडेय









