Pakur: जिले में महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दो सनसनीखेज घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने जनता को राहत दी है।
पहली घटना नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा आम बगान में 25 नवंबर की है, जिसमें एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने लगातार छापेमारी कर सात आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था और रविवार को चार और आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ इस कांड में शामिल सभी अभियुक्तों को पकड़ लिया गया। नगर थाना कांड संख्या 298/25 के तहत दर्ज इस प्रकरण में पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

दूसरी घटना लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में 28 नवंबर की रात हुई, जब मेले से अपने घर लौट रही एक विवाहिता को ग्राम बिंझा स्थित पुलिया के पास अपराधियों ने रोककर पास के धान के खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने तत्काल SIT का गठन किया। सघन छापेमारी और जांच के बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में सभी पाँच आरोपितों—डोमना उर्फ डोमा उर्फ बमड़ा पहाड़िया, जोमे पहाड़िया उर्फ मनोज पहाड़िया, चैता पहाड़िया (तीनों ग्राम डोहरी पहाड़), लुखी पहाड़िया (छोटा खामी) और भिमा पहाड़िया (बड़ा बीचकनी, थाना रांगा, जिला साहेबगंज) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी आरोपितों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में साफ किया कि पीड़िताओं को न्याय दिलाने के लिए सभी कानूनी कार्रवाई तेज और कठोर तरीके से की जाएगी। घटनाओं के तेजी से उद्भेदन ने यह साबित कर दिया कि पाकुड़ पुलिस संवेदनशील मामलों में तत्पर और प्रभावी है।
ये भी पढ़ें: Ranchi में आज भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे, JSCA में 3:30 बजे तक मिलेगा प्रवेश, शहर अलर्ट मोड पर









