Sahibganj: उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग सहित जिला स्तर के तमाम वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत आगामी राजकीय माघी पूर्णिमा मेला की तैयारियों की समीक्षा से हुई। उपायुक्त ने मेला को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को लेकर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय में लंबित वादों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों में शीघ्र प्रतिशपथ पत्र दायर करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अनावश्यक कानूनी अड़चनों से बचा जा सके। बैठक में कारा एवं न्यायालय सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जिला सुरक्षा समिति से जुड़े बिंदुओं की भी गहन समीक्षा की गई। सुरक्षा से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया गया।
जिला टास्क फोर्स (खनन) की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में हुई कार्रवाई की जानकारी ली। सभी प्रखंडों के अंचलाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत खनन मापी प्रतिवेदनों के आधार पर जहां अवैध अथवा निर्धारित क्षेत्र से बाहर खनन पाए जाने की पुष्टि हुई, वहां संबंधित मामलों में खनन पदाधिकारी को त्वरित और कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा में हिट एंड रन मामलों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए और सड़क सुरक्षा के प्रति निगरानी एवं सतर्कता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। इसके अतिरिक्त फॉरेस्ट क्लियरेंस से जुड़े मामलों तथा भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन तालाबों, चेक डैम एवं जिर्णोद्धार से संबंधित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई और गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अपर समाहर्ता गौतम भगत, अनुमंडल पदाधिकारी साहेबगंज अमर जॉन आइन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: Sindega: मंईयाँ सम्मान की राशि से खरीदी सिलाई मशीन बनी मीली सोरेंग की नई पहचान








