Barharwa (Sahibganj): बरहरवा प्रखंड के मिर्जापुर पंचायत अंतर्गत मिर्जापुर एवं लालमाटी गांव में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव डॉ. तनवीर आलम ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान का भरोसा दिलाया।
बैठक में डॉ. आलम ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से न कटे, इसके लिए सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर मतदाताओं को जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि लोकतंत्र को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जा सके।

मनरेगा को लेकर उन्होंने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गरीबों, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है, लेकिन कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने देगी। जरूरत पड़ी तो सड़क से संसद तक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
एसआईआर के मुद्दे पर डॉ. आलम ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश लोकतंत्र पर सीधा हमला है, जिससे गरीब, दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को वोट देने से वंचित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर गांव में पहुंचकर लोगों को सजग करें और योग्य मतदाताओं का नाम कटने न दें।

ग्रामीणों ने बैठक में मनरेगा में काम न मिलने, भुगतान में देरी और स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की मनमानी जैसी समस्याएं उठाईं। इस पर डॉ. आलम ने संबंधित अधिकारियों से बात कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता की आवाज बनकर खड़ी है, जबकि मौजूदा नीतियों से आम लोग महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल व्यवस्था से जूझ रहे हैं।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनता के हक और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें: Bokaro: नगर निकाय चुनाव को लेकर झामुमो का शक्ति प्रदर्शन, जमगडिया में कार्यकर्ता सम्मेलन से भरा जोश








