Sahibganj: नगर परिषद् अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान इन दिनों जनसमर्थन की तेज़ लहर के साथ चुनावी मैदान में निर्णायक बढ़त बनाते दिख रहे हैं। लगातार जनसंपर्क अभियान के जरिए वे शहर के हर तबके तक पहुँच रहे हैं। रविवार को भी उन्होंने शहर के दहला, तालबन्ना, पटनिया टोला और समलापुर इलाकों में घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद किया और अपने चुनाव चिन्ह ‘नारियल का पेड़’ पर मुहर लगाने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान उमड़ी भीड़ और लोगों का उत्साह यह संकेत दे रहा है कि शहर की जनता उनके साथ मजबूती से खड़ी होती जा रही है।
लंबे समय से सामाजिक सरोकारों में सक्रिय रहे छोटू पासवान को लोग केवल प्रत्याशी नहीं, बल्कि भरोसेमंद समाजसेवी के रूप में देखते हैं। बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि वे यह चुनाव राजनीति के लिए नहीं, बल्कि साहिबगंज की जनता की सेवा के संकल्प के साथ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि देवतुल्य जनता एक मौका देती है, तो वे जनप्रतिनिधि नहीं बल्कि सेवक बनकर काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए लोगों को केवल सरकारी शुल्क ही देना होगा और तीन दिनों के भीतर प्रमाण पत्र कार्यालय से निर्गत कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
छोटू पासवान ने नगर परिषद् के हर वार्ड में एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की, जिससे बीमारों और प्रसूता महिलाओं को समय पर सहायता मिल सके। इसके साथ ही हर गली-मोहल्ले में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके इन ठोस वादों और जमीन से जुड़े दृष्टिकोण ने आम मतदाताओं के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी चर्चा को तेज कर दिया है।
इसी बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, झामुमो समर्थित प्रत्याशी छोटू पासवान की बढ़ती लोकप्रियता और लगातार मिल रहे जनसमर्थन को देखते हुए अध्यक्ष पद के कुछ अन्य प्रत्याशी भी अपना समर्थन उनके पक्ष में देने का मन बना चुके हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि सोमवार को कुछ प्रत्याशी औपचारिक रूप से छोटू पासवान के समर्थन की घोषणा कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो चुनावी मुकाबले में समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।
कुल मिलाकर, जमीनी सक्रियता, सामाजिक छवि, जनहित के ठोस वादे और अब अन्य प्रत्याशियों के संभावित समर्थन ने रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान की अध्यक्ष पद की दावेदारी को और मजबूती प्रदान कर दी है। बढ़ता जनसमर्थन यह साफ संदेश दे रहा है कि साहिबगंज की जनता इस बार भरोसे और सेवा के साथ खड़े प्रत्याशी को आगे बढ़ाने के मूड में है।








