Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और आजसू के बीच सीटों के शेयरिंग का पेंच अभी भी फंसा हुआ है। आजसू को बीजेपी 9 सीट से ज्यादा देने को तैयार नहीं है, वही आजसू 12 से 13 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। कई सीटों पर बीजेपी-आजसू के साथ जेडीयू भी अपनी दावेदारी पेश कर रही है।
शनिवार रात गृह मंत्री अमित शाह के दिल्ली स्थित आवास पर आजसू प्रमुख सुदेश महतो और बीजेपी चुनाव सह प्रभारी हेमंता बिश्व सरमा के साथ अमित शाह ने बैठक की। इस बैठक में बीजेपी और आजसू के बीच सीटों के खींचतान को खत्म करने पर चर्चा की गयी। झारखंड की राजनीति में जयराम महतो के उदय से सुदेश महतो के प्रभाव में आयी कमी को लेकर सुदेश महतो को स्पष्ट संदेश बीजेपी नेतृत्व की ओर से दे दिया गया। बीजेपी ने आजसू को 9 से ज्यादा सीट नहीं देने का फैसला किया है।
इससे पहले शनिवार को हेमंता बिश्व सरमा ने रांची में कहा था कि आजसू और जेडीयू के साथ उनके गठबंधन और सीट शेयरिंग का मामला 99 फीसदी पूरा हो चुका है। एक दो सीटों पर ही बात नहीं बन पाई है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा और पितृपक्ष के बाद सीट शेयरिंग और गठबंधन का ऐलान कर दिया जाएगा। सूत्र बताते है कि बीजेपी अपने सहयोगी दल आजसू को 9 और जेडीयू को एक सीट से ज्यादा देने को फिलहाल तैयार नहीं है।
ये भी पढ़ें: Ranchi: हटिया और नामकुम ग्रिड में आज मेगा शटडाउन









