Sahibganj Murder Case: नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कॉलेज रोड के चैती दुर्गा मंदिर के समीप जीएस इलेक्ट्रिकल्स के मालिक संजीव कुमार गुप्ता उर्फ गुड्डू की हत्या मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में बुधवार को प्रेससवार्ता कर बताया कि
उक्त हत्या मामले को लेकर नगर थाना कांड संख्या 74/25 दर्ज कर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी ने कांड के उद्वेदन एवं अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू की। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना व तकनीकी सहयोग से वारदात में शामिल तीन अभियुक्तों को धर दबोचा। छोटा लोहंडा निवासी अभियुक्त मनीष कुमार मंडल (20), प्रेम नगर निवासी कुश कुमार मंडल (20) एवं प्रेम नगर निवासी विनोद कुमार तांती (29) को गदाई दियारा के मकैया टोला से घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल और पिस्टल की 42 जिंदा गोली, 02 मैगज़ीन, 02 मोबाइल एवं हत्या के लिए दिए गए पैसे 6,170 रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। मनीष कुमार मंडल द्वारा घटना के समय पहने पैंट, टी शर्ट व गमछा को भी बरामद किया गया है। वहीं हत्या में प्रयुक्त एक हथियार की बरामदगी भी जल्द हो जाएगी। कांड में शामिल अन्य अपराधी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। पकड़े गए कुश कुमार मंडल व मनीष कुमार मंडल का आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों जिरवाबाड़ी थाना में कांड संख्या 116/ 24, कांड संख्या 117/24 व कांड संख्या 121/24 के आरोपी हैं।
छापामारी दल में बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, डीएसपी विजय कुशवाहा, रूपक कुमार, इंस्पेक्टर राजीव रंजन, नगर थाना इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, रिवर थाना प्रभारी लव कुमार, बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार, बरहेट थाना प्रभारी पवन कुमार, पुअनि अनीश कुमार पांडेय, प्रवीण कुमार प्रभाकर, मुरली मनोहर सिंह, विक्रम कुमार, आरक्षी अभिषेक राज, अंकुर कुमार, शैलेश कुमार मिश्रा व बल के जवान शामिल थे।
- यूं बना संजीव की हत्या का प्लानिंग, कुश और मनीष ने दिया घटना को अंजाम
जीएस इलेक्ट्रिकल्स के मालिक संजीव गुप्ता उर्फ गुड्डू की पड़ोस में बन रही बिल्डिंग को लेकर पंकज मंडल के साथ विवाद हुआ था। संजीव साह उर्फ गुड्डू व पंकज मंडल एक दूसरे के पड़ोसी थे। वहीं दोनों में अच्छा संबंध भी था। विवाद बढ़ने के बाद संजीव ने पंकज का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। जिसके बाद से दोनों में दूरियां बढ़ने लगी थीं। इस बीच पंकज ने संजीव को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची। हालांकि संजीव को इस बात का आभाष होने पर उसने एहतियाती तौर पर हाल ही में अपनी दुकान व घर में कई और कमरे इंस्टाल कराए थे।
इस दौरान पंकज ने संजीव हत्या को लेकर लोहंडा के एक पोखर के पास एक व्यक्ति से मुलाकात की। उक्त व्यक्ति ने पंकज को शूटर का इंतज़ाम कर देने की बात कही। संजीव की हत्या के लिए 2 लाख रुपये की मांग की गई। जिसके बाद लव, कुश सहित 5 लोगों की मीटिंग हुई। हालांकि सौदा 1 लाख व हथियार उपलब्ध कराने की बात पर तय हुआ। इसके बाद 2 मई को हत्या का प्लान बनाया गया। वारदात की रात लव, कुश व अन्य ने संजीव की दुकान की लगभग एक से डेढ़ घंटे तक रेकी की। एसपी अमित कुमार सिंह ने बताया कि कुश मंडल व मनीष कुमार मंडल ने दुकान में घुस कर दो ग़ोली चलाई। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपाचे बाइक से रंगोली रेस्टुरेंट होते हुए चानन और फिर उधर से सकरीगली पहुंचे। वहां बाइक छोड़ टेम्पू से वापस आकर कुश को हथियार दे कर घर गए। इसमें दो और लोग शामिल थे। इसके बाद सभी शूटर गदाई दियारा चले गए। जहां पंकज ने पीछे से वहां पहुंचे कुश, विनोद व एक अन्य को 6 हजार रुपये दिया। इन पैसों से सभी दिल्ली भागने की प्लानिंग कर रहे थे। इस दौरान उक्त लोगों ने अपाचे बाइक से कई बार शहर और गदाई दियारा में आना-जाना भी किया। एसपी ने बताया कि पूरी वारदात को अंजाम देने में कुल 7 लोग शामिल थे। पुलिस ने बारिश की रुकावट के बावजूद नाव से वहां पहुंच छापामारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। हत्या के लिए डील कराने वाले सहित पंकज मंडल, लव मंडल व दो अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
- आखिर क्यों दोस्त ने कराई संजीव की हत्या, पुलिस ढूंढ रही पंकज का पुख्ता इरादा
संजीव साह उर्फ गुड्डू साह के हत्या की पटकथा उसके ही दोस्त पंकज मंडल ने लिखी। पंकज मंडल ने आखिर अपने दोस्त संजीव की हत्या क्यों कराई इसका पुख्ता इरादा की जानकारी पुलिस ढूंढ रही है। जमीन विवाद और घर के बगल में बना रहे पंकज का मकान को लेकर विवाद क्या हुआ था? यह जानने की कोशिश में पुलिस लगी हुई है। इसे लेकर पंकज मंडल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी रही कर रही है। पंकज मंडल के गिरफ्तार होने के बाद ही विवाद के कारण का असल वजह स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस सूत्रों की माने तो पंकज मंडल के मोबाइल का आखिरी लोकेशन बिहार में मिला था। पुलिस की एक टीम पंकज की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
- पंकज द बॉस के नाम से मोबाइल नंबर सेव कर रखा था अपराधियों ने
संजीव हत्याकांड का मास्टरमाइंड पंकज मंडल का नाम अपराधियों ने अपने मोबाइल में पंकज द बॉस के नाम से पंकज का नंबर सेव कर रखा था। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पिछले कुछ दिनों से हत्याकांड में शामिल अपराधियों के बीच पंकज मंडल का लगातार बातचीत होता रहा है। पकड़े अपराधियों का जब पुलिस ने मोबाइल का कला तो कई बार बातचीत हुई है और जो नंबर पंकज मंडल का है वह नंबर को अपराधियों ने अपने-अपने मोबाइल में पंकज द बॉस के नाम से सेव कर रखा था।
- अगस्त 2024 में चर्चा में आये थे लव-कुश
जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के जलेबिया घाटी में दो लूट की वारदात के बाद 8 अगस्त 2024 को पकड़े जाने के बाद लव-कुश चर्चा में आये थे। दोनों जुड़वा भाई हैं। जलेबिया घाटी में लूट के बाद जिरवाबाड़ी थाना में कांड संख्या 116-117 दर्ज करने के बाद पुलिस अनुसंधान में लगी थी। तभी पुलिस को सूचना मिली थी कि जलेबिया घाटी स्थित बबलू के बंद पड़े क्रशर में कुछ बदमाश गांजा पीकर वारदात की साजिश रच रहे हैं। तात्कालीन जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी अनीश पांडेय ने तत्काल छापामारी कर दोनों जुड़वा भाई लव मंडल, कुश मंडल, मनीष कुमार मंडल व उत्तम कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया था। उस समय उनके पास से 3 देसी कट्टा, 2 ज़िंदा कारतूस व लूटा हुआ बाइक व मोबाइल बरामद किया गया था।
Sahibganj Murder Case Solved: ज़मीन विवाद में सुपारी दे पड़ोसी की करा दी हत्या. दो शूटर सहित तीन गिरफ्तार, 4 अब भी फरार
देसी पिस्टल, 42 जिंदा गोली, 02 मैगज़ीन, 02 मोबाइल व हत्या के लिए दिए गए 6,170 रुपये बरामद
एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी pic.twitter.com/YqEAGGNt1L
— WM 24X7 NEWS (@wm24x7newz) May 7, 2025
ये भी पढ़ें: Sahibganj में क्राइम आउट ऑफ़ कण्ट्रोल, नाड़ी दियारा के सियाराम मंडल को मारी गोली, स्थिति गंभीर









