Ranchi: मोहराबादी मैदान में बने बहुउद्देशीय स्टेज को बिना ठोस कारण ध्वस्त किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सोरेन सरकार से सवाल किया है कि आखिर करोड़ों रुपये की लागत से बने ऐतिहासिक स्टेज को अचानक ध्वस्त करने का निर्णय किस आधार पर लिया गया?
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि इस स्टेज का उपयोग हर वर्ष गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) और स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर होता रहा है। साथ ही यह कई ऐतिहासिक राजनीतिक रैलियों का भी साक्षी रहा है। यहां तक कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं इसी मंच से दो बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।
भाजपा नेता ने कहा कि यह स्टेज केवल राजनीतिक आयोजनों का ही केंद्र नहीं था, बल्कि यहां स्थानीय कलाकार भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते रहे हैं। इसके बावजूद, इस मंच को बिना किसी जन-सुनवाई या स्पष्टीकरण के अचानक गिरा देना, यह दर्शाता है कि सरकार पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की धरोहरों को मिटाने में लगी है।
हेमंत सरकार भाजपा सरकार के समय की धरोहरों को आकरण ध्वस्त करवा रही है। मोरहाबादी मैदान में बहुउद्देशीय प्रयोग के लिए करोड़ों रुपयों से बने स्टेज को ध्वस्त करने का कारण क्या है?इस स्टेज का उपयोग न सिर्फ 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर और 15 अगस्त को स्वाधीनता दिवस के अवसर पर… pic.twitter.com/u6JqIOuNX6
— Pratul Shah Deo???????? (@pratulshahdeo) May 18, 2025
प्रतुल ने सवाल किया कि अगर स्टेज से किसी को कोई समस्या नहीं थी, तो सरकार ने इसे अचानक क्यों गिरा दिया? क्या यह किसी पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा है? उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार साढ़े पांच साल तक सत्ता में रही, तब तक इस स्टेज से कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन अब अचानक यह कार्रवाई क्यों?
भाजपा प्रवक्ता ने सरकार की वित्तीय नीतियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार एक ओर फंड की कमी का हवाला देकर जरूरी योजनाओं की राशि डाइवर्ट कर रही है, वहीं दूसरी ओर बहुउद्देशीय संरचनाओं को बिना कारण गिरा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यह अबुआ सरकार नहीं, स्मारक तोड़ने वाली सरकार बन गई है।”
ये भी पढ़ें: Sahibganj: अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी सख्त, थाना प्रभारियों के साथ की मासिक समीक्षा बैठक









