Sahibganj: जिले के स्वास्थ्य विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। पूर्व सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया का तबादला कर दिया गया है और उन्हें पलामू जिले का जिला भी० बी० डी० पदाधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह डॉ. रामदेव पासवान को साहिबगंज जिले का नया सिविल सर्जन नियुक्त किया गया है। डॉ. पासवान फिलहाल सिमडेगा जिले में सिविल सर्जन के पद पर कार्यरत थे।
डॉ. रामदेव पासवान का साहिबगंज से पुराना नाता रहा है। वे पहले भी जिले में सिविल सर्जन के पद पर कार्य कर चुके हैं और अपने कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक क्षमता और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनके पिछले कार्यकाल के दौरान साहिबगंज सदर अस्पताल की व्यवस्थाएं काफी बेहतर हुई थीं। जिसके बाद पहली बार सदर अस्पताल राष्ट्रीय स्तर पर ‘कायाकल्प अवार्ड’ से सम्मानित किया गया था।
दो श्रेणियों में मिला था कायाकल्प अवार्ड
हाल ही में घोषित परिणामों के अनुसार, साहिबगंज सदर अस्पताल को वर्ष 2022-23 के लिए “बेस्ट डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल” तथा “फ्रेंडली फैसिलिटी कैटेगरी” में कायाकल्प अवार्ड मिला है। यह सम्मान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, भारत सरकार द्वारा दिया जाता है और इसके तहत अस्पताल को कुल 60 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।
अस्पताल को साफ-सफाई, रोग नियंत्रण, कचरा प्रबंधन, मरीजों को सुविधाएं, रजिस्ट्रेशन सिस्टम, डिजिटल डॉक्युमेंटेशन जैसी व्यवस्थाओं में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए यह अवार्ड मिला है। डॉ. पासवान के पहले कार्यकाल में ही इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया था, जिसका सकारात्मक असर आज भी बना हुआ है।
नए सिविल सर्जन से जिलेवासियों को उम्मीद
डॉ. रामदेव पासवान के दोबारा साहिबगंज आने की खबर से जिले के स्वास्थ्य महकमे में नई ऊर्जा देखी जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि वे अपने अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाएंगे। जिले में मानव संसाधन, इन्फ्रास्ट्रक्चर, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, तथा गांव स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता होगी।
क्या है कायाकल्प अवार्ड?
कायाकल्प अवार्ड, भारत सरकार द्वारा शुरू की गई एक पहल है जिसके तहत सरकारी अस्पतालों को स्वच्छता, हाइजीन, और सेवा गुणवत्ता के लिए आंका जाता है। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले संस्थानों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाता है और प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
डॉ. पासवान की वापसी साहिबगंज के लिए सकारात्मक संकेत है और आमजन स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार की अपेक्षा कर रहे हैं।









