Sahibganj, 6 अगस्त: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर बुधवार को एल.सी. रोड स्थित वैश्य महासभा के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय ऊमरवैश्य महासभा की ओर से शोक सभा का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश प्रभारी अरविंद कुमार गुप्ता ने की। शोकसभा की शुरुआत दिवंगत नेता के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और ‘शिबू सोरेन अमर रहें’ के नारों से सभा स्थल गूंज उठा।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा, “शिबू सोरेन जी आदिवासी समाज के सशक्त प्रतीक और झारखंड की आत्मा थे। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष अनुकरणीय रहा है। उनका निधन राज्य के सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति है।”
डॉ विजय कुमार ने शोक संदेश में कहा कि शिबू सोरेन न केवल झारखंड आंदोलन के महानायक थे, बल्कि वे एक युगदृष्टा, समाजसेवी एवं जनजातीय चेतना के अग्रदूत थे। “उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा,” उन्होंने कहा।
सभा में उपस्थित गणमान्यजनों ने गुरुजी के आदर्शों पर चलने और उनके दिखाए मार्ग पर समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ विजय कुमार, उदय कुमार साह, श्रवण कुमार मोदी, नरेश कुमार उर्फ बंटी, रोहित कुमार, विकास कुमार साह, चेतन राज, सहित दर्जनों गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।









