Ranchi: झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे कोयला–लोहा चोरी को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि धनबाद के कोयला कारोबारी लालबाबू सिंह उर्फ एलबी सिंह से अपने “अतरंग संबंध” पर मौन हैं। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी और लालबाबू सिंह की तस्वीरें सार्वजनिक हैं और भाजपा से उनके पुराने संबंध भी किसी से छिपे नहीं हैं। मीडिया को संबोधित करते हुए सुप्रियो ने सवाल उठाया कि ईडी ने एलबी सिंह के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान डिजिटल सूचना नष्ट होने के बावजूद उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई बाबूलाल मरांडी के साथ उनके संबंधों के कारण प्रभावित हुई।
सुप्रियो ने दावा किया कि मुख्यमंत्री आवास में ईडी की टीम आसानी से प्रवेश कर गई, लेकिन धनबाद में एलबी सिंह ने दो घंटे तक घर बंद रखा और अपने पालतू कुत्तों को छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि छापेमारी में मिली डायरी में ‘बीएलएम’ नाम के आगे करोड़ों के लेनदेन का उल्लेख दर्ज है, जिस पर भी ईडी को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने मरांडी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब उन्हें ‘कट मनी’ नहीं मिलता, तब वे अनर्गल प्रलाप करने लगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिसे मरांडी ने राजनीति का ककहरा सिखाया, आज वही उनका “गुरु” बन बैठा है। भाजपा के आरोप पत्र पर तंज कसते हुए सुप्रियो ने कहा कि भाजपा के पास 2050 तक केवल आरोप पत्र रहेगा, जबकि जनता का आशीर्वाद हेमंत सरकार के साथ है।









