- स्थानीय पत्थर कारोबारियों में हड़कंप।
बरहरवा/साहिबगंज। साहिबगंज जिले के पतना अंचल क्षेत्र अंतर्गत संचालित पत्थर खदानों में मंगलवार को जिला टास्क फोर्स की टीम ने खनन पट्टाधारकों के द्वारा गड़बड़ी की शिकायत पर पत्थर खदान व क्रशर प्लांट में पहुंचकर जांच की। जांच के क्रम में टीम ने कई पत्थर खदान व क्रशर प्लांट में मानकों के अनुरूप संचालन को लेकर कई बिंदुओं पर जाँच की। जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू ने संबंधित पत्थर खदान व क्रशर संचालकों से कागजात की मांग की है। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी विष्णुदेव कच्छप ने पत्थर खदान व क्रशर में चलने वाली करीब 10 हाइवा वाहन को नोटिस किया है। शिकायत थी कि खदान व क्रशर प्लांट में ओवरलोड वाहन का परिचालन होता है और कई कागजात में त्रुटियां भी हैं। गौरतलब है कि जिले में एनजीटी एवं ईडी के कार्रवाई के बाद से दोबारा इन दिनों पत्थर खदान व क्रशर प्लांट संचालक झारखंड राज्य प्रदूषण बोर्ड मानकों के अनुरूप पत्थर खदान व क्रशर प्लांट का संचालन कर रहे हैं।
शिकायत है कि जिले के मिर्जाचौकी, महादेवगंज, सकरीगली, पतना आदि इलाके में कई पत्थर खदान व क्रशर प्लांट में सेफ्टी कीट, पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराना, वाटर स्प्रलिंग नहीं करने, खदान में लीज क्षेत्र से बाहर अवैध रूप से खनन, सीटीओ में अंकित उत्पादन क्षमता से अधिक खनन करना और स्टोन चिप्स तैयार किया जा रहा है।
जिला खनन पदाधिकारी कृष्णा किस्कू ने बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।









