- जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
Sahibganj: साहिबगंज जिले में सड़क हादसों को नियंत्रित करने समेत अन्य संबंधित विषयों को लेकर उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने पिछले बैठक के में दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं कार्रवाई के विषय में विस्तृत जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा के नियमों का अक्षरशः अनुपालन कराने के साथ विगत दिनों में सड़क दुर्घटना के रोकथाम के लिये कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्य करने के लिये दिशा निर्देश दिया। बैठक में डीसी ने एनएच-80 पर साहेबगंज से नजदीक के सभी मुख्य स्थान की दूरी से संबंधित साईनेज गति सीमा से संबंधित साईनेज एवं रोड सेफ्टी से संबंधित उपकरणों को अधिष्ठापित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान ईई ने बताया कि जिले के कई स्थानों पर साईनेज का अधिष्ठापन कर लिया गया है एवं शेष बचे स्थान पर जल्द ही साईनेज लगाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से शहर के मुख्य स्थानों पर चौराहों पर बेरियर का अधिष्ठापन करने एवं साक्षरता चौक से आईटीआई विद्यालय तक एवं ग्रीन होटल से पटेल चौक तक की सौंदर्यीकरण हेतु आवश्यकता निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि दो पहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें, एवं जिला में गहन परिवहन चेकिंग अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया। जिसे लेकर उन्होंने नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान के तहत सभी पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट फ्यूल नहीं देने की अपील की एवं इसे अनिवार्य रूप से लागू करने की भी बात कही। बैठक में सड़क हादसों के पश्चात उनकी सहायता के लिये आगे आने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि लोगों में ऐसा भय है कि जो सड़क दुर्घटना में दूसरों की सहायता के लिये आगे नहीं आयेगा उन्हें कानूनी रूप से फंसने का भय होता है, लेकिन ऐसी बात नहीं है, ऐसे लोगों को किसी भी कानूनी अड़चनों का सामना नहीं करना पड़ेगा। वे बिना किसी भय के लोगों की सहायता जरूर करें। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों एवं शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाते हुये लोगों को यातायात नियमों की संपूर्ण जानकारी देने एवं उन्हें इन नियमों का पूर्ण रूप से अनुपालन करने के लिये प्रेरित करने की बात कही।
मौके पर मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा, जिला परिवहन पदाधिकारी विष्णु देव कच्क्षप, जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरव प्रकाश, उत्पाद अधीक्षक जितेंद्र कुमार, एवं अन्य उपस्थित रहे।









