Bomb Blast: साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र के रांगा घुट्टु गाँव के पास ललमटिया से फरक्का की ओर जाने वाली एमजीआर रेलवे लाइन को बीते मंगलवार की रात करीब 12 बजे के आसपास अज्ञात उपद्रवियों ने विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया है। धमाके से रेलवे ट्रैक पर तीन फुट गहरा गड्ढा बन गया है और ट्रैक के अवशेष लगभग 39 मीटर दूर गिरा पाया गया है। यह घटना रांगा घुट्टु गाँव के पास पोल संख्या 40/1 के आस-पास घटित हुई। रात में इस धमाके की आवाज एमजीआर रेलवे लाइन के आसपास के गांव के लोगों ने भी सुना है। लेकिन किसी को भी यह अंदाजा नहीं था कि वो आवाज़ किसी बम धमाके की है। घटना में किसी भी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।

घटना स्थल पर स्थित पोल संख्या 42/02 पर कोयला लोड रेल गाड़ी खड़ी है। इस एमजीआर लाइन से गोड्डा के ललमटिया से मालगाड़ी कोयला लेकर फरक्का जाती है
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार को एसपी अमित कुमार सिंह, बड़हरवा डीएसपी मंगल सिंह जामुदा, एनटीपीसी के असिस्टेंट इंजीनियर शरबत हुसैन, और जूनियर इंजीनियर देवायान, बरहेट थाना प्रभारी पवन यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को 15 मीटर की दूरी पर ब्लास्ट में उपयोग किए गए तार मिले हैं। इसपर पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

बताते चलें कि पिछले पांच वर्ष से इन इलाकों में असम की प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन नेशनल संथाल लिबरेशन आर्मी के लोगों की सक्रियता रही है। पुलिस इस एंगल से भी जोड़कर जांच कर रही है। वहीं घटना स्थल के पास से मिले तारों से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि ब्लास्ट के लिए आईईडी का उपयोग किया गया हो।
इधर, एसपी अमित कुमार सिंह ने बताया कि घटना से जुड़े कई एंगल पर जांच की जा रही है। ब्लास्ट में उपयोग किए जाने वाली सामग्री का पता लगाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। जल्द ही पुलिस किसी नतीजे पर पर पहुंचेगी।
ये भी पढ़ें: International Day of Older Persons: स्नेह स्पर्श वृद्धा आश्रम में मनाया गया विश्व वृद्ध दिवस









