Ranchi: झारखंड में हेमंत (Hemant) सरकार दोबारा सत्ता में आ गई है। हेमंत सरकार का गठन 28 नवंबर को होगा। मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन शपथ लेंगे, लेकिन मंत्रिमंडल में कौन-कौन शामिल होंगे, यह तय होना बाकी है। दूसरी ओर कैबिनेट में जगह पाने को सभी पार्टियों के विधायक आलाकमान तक दौड़ लगा रहे हैं। कांग्रेस विधायक दिल्ली में हैं तो झामुमो विधायक रांची में ही दावेदारी पेश कर रहे हैं। राजद विधायक रांची में कैंप कर रहे पार्टी के आला नेताओं से संपर्क साध रहे हैं।
कांग्रेस की बात करें तो विधायक दीपिका पांडेय सिंह, डॉ इरफान अंसारी, कुमार जयमंगल, बंधु तिर्की समेत कई दिल्ली पहुंचे हुए हैं। कुछ मंगलवार को जाएंगे। सभी हेमंत मंत्रिमंडल में जगह पक्की करने की जुगत में हैं। झामुमो के कई विधायक सीएम आवास पहुंच हेमंत सोरेन से भेंट कर रहे हैं।
हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में कांग्रेस के चार मंत्री होंगे। इसलिए पार्टी सभी वर्गों का ख्याल रखना चाह रही है। अनुसूचित जाति से दो विधायक जीते हैं। ऐसे में राधाकृष्ण किशोर या सुरेश बैठा मंत्री बन सकते हैं। वहीं, इरफान अंसारी का अल्पसंख्यक कोटे से मंत्री बनना तय माना जा रहा है। ओबीसी से ममता देवी या प्रदीप यादव की लॉटरी लग सकती है।
सामान्य कोटे से दीपिका पांडेय सिंह और अनूप सिंह तथा आदिवासी कोटे से डॉ रामेश्वर उरांव, राजेश कच्छप, नमन विक्सल कोंगाड़ी दावेदार हैं। मंत्रिमंडल में कांग्रेस के प्रतिनिधित्व पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कैबिनेट में विभिन्न प्रमंडलों, समुदायों का प्रतिनिधित्व हो, इसका ख्याल रखा जाएगा। वहीं विधायक दल के नेता पद पर कहा कि विधायकी कार्यों के जानकार और मुखर रहने वाले को ही इस पद की जिम्मेदारी दी जाएगी।
मंत्रिमंडल के लिए कांग्रेस तीन समीकरण पर काम कर रही है। पहला प्रमंडलवार, दूसरा जातिवार और तीसरा पिछली सरकार का फार्मूला। पिछले फार्मूले के तहत बन्ना गुप्ता की जगह नया चेहरा होगा। प्रमंडलों से उ. छोटानागपुर और पलामू एक-एक मंत्री हो सकते हैं। दक्षिणी छोटानागपुर और संताल से भी मंत्री बनना तय है।
झामुमो कोटे से दीपक बिरुवा, हफीजुल हसन, रामदास सोरेन फिर मंत्री बन सकते हैं। महिला कोटे से लुईस मरांडी या सविता महतो हैं। पिछली सरकार में सामान्य कोटे से मिथिलेश ठाकुर मंत्री थे, उनकी जगह अनंत प्रताप देव ले सकते हैं। वहीं रवींद्रनाथ महतो, मथुरा महतो और उमाकांत रजक भी दौड़ में शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: शपथग्रहण समारोह में PM Modi एवं गठबंधन साथियों को न्यौता देने CM Hemant Soren दिल्ली रवाना









