Ranchi: झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक संदेश जारी किया है। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति के साथ अपनी तस्वीर डालकर हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को अबुआ राज्य के लिए बधाई दी।हेमंत सोरेन के शपथग्रहण में देश के बड़े राजनीतिक शख्सियत शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, तेजस्वी यादव, शरद पवार समेत कई बड़े नेता उनके शपथग्रहण में शामिल होंगे। आज हेमंत सोरेन अकेले शपथ लेंगे। विधानसभा में बहुमत हासिल करने के बाद कैबिनेट का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने जो तस्वीर सोशल मीडिया में डाली ये वो तस्वीर है जब वो 5 महीने बाद जेल से बाहर आने पर बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया था और पूरे आक्रामकता के साथ तस्वीर खिंचाई थी। हेमंत सोरेन ने एक्स पर लिखा है कि “जोहार साथयों, आज का दिन ऐतिहासिक होगा – एक ऐसा दिन जो हमारे सामूहिक संघर्ष, प्रेम-भाईचारे की भावना और न्याय के प्रति हम झारखंडियों के प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।”
झारखंड की महान धरा ने हमेशा से विरोध और संघर्ष को जन्म दिया है और झामुमो – भगवान बिरसा, भगवान सिदो-कान्हू, अमर शहीद तेलंगा खड़िया, फूलो- झानो, पोटो हो, शेख भिखारी समेत अनगिनत वीरों के संघर्षों से भरी उसी विरासत को समेटे हर दिन आगे बढ़ रहा है।
आज का यह दिन राजनीतिक जीत के बारे में नहीं है, आज का यह दिन हमारी सामाजिक न्याय के प्रति संघर्ष, सामाजिक एकता को प्रखर करने की हर रोज़ लड़ी जानी वाली लड़ाई को दोहराने का दिन है।आज का यह दिन यह भी बताता है की लोकतंत्र पर बढ़ते दबाव के बीच झारखंड की महान जनता एक साथ खड़ी है। आज हर गांव, हर शहर में एक आवाज़ गूंज रहा है – अधिकार, समानता, एकता मतलब झारखंडियत की आवाज
इसमें कोई संदेह न रखें – हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। हमें न विभाजित किया जा सकता है, न ही शांत किया जा सकता है। जब जब वे हमें पीछे धकेलते हैं, हम आगे बढ़ते हैं। जब जब वे हमें शांत करना चाहते हैं, हमारी हूल, उलगुलान, क्रांति की आवाज़ और प्रखर होती जाती है क्यूंकि हम झारखंडी हैं, और झारखंडी झुकते नहीं है।
आज जब सामाजिक संरचना में गहरी दरारें पैदा हो रही हैं, तब हमें अपने पूर्वजों की उस एकता और हर झारखंडी को साथ ले कर चलने के संकल्प को पुनः दोहराना होगा।
अपने अबुआ सरकार के लिए हर एक झारखंडी को बधाई।
हमारी लड़ाई अटल है, अविराम है। संघर्ष जारी है और आख़िरी साँस तक रहेगा ….
आपका हेमन्त
जोहार साथयों ,
आज का दिन ऐतिहासिक होगा – एक ऐसा दिन जो हमारे सामूहिक संघर्ष, प्रेम-भाईचारे की भावना और न्याय के प्रति हम झारखंडियों के प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
झारखंड की महान धरा ने हमेशा से विरोध और संघर्ष को जन्म दिया है और झामुमो – भगवान बिरसा, भगवान सिदो-कान्हू, अमर… pic.twitter.com/P2xVe7fQcg
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 28, 2024









