Sahibganj: झारखंड में पिछले दो तीन दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राज्य के गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम में भीषण लू चलने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
दूसरी ओर मंगलवार को राज्य के कई हिस्से भीषण गर्मी के चपेट में रहे। मेदिनीनगर राज्य में सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। रांची का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 38.7, बोकारो में 40.1 और चाईबासा में 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
दूसरी ओर मंगलवार को जमशेदपुर में सबसे ज्यादा 25 मिमी बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड के कई इलाकों में 15 मई की दोपहर से मौसम में बदलाव होगा, जो 18 मई तक रहेगा।









