Ranchi, 22 मई 2025 (गुरुवार): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने (PM Narendra Modi) गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से झारखंड के तीन रेलवे स्टेशनों सहित देशभर के 103 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत योजना के तहत राष्ट्र को समर्पित किया। झारखंड के जिन स्टेशनों का उद्घाटन किया गया, उनमें खूंटी जिले का गोविंदपुर रोड स्टेशन, साहिबगंज का राजमहल स्टेशन और देवघर के जसीडीह-मधुपुर रेलखंड का शंकरपुर स्टेशन शामिल हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। गोविंदपुर स्टेशन को 6.65 करोड़, राजमहल को 7.03 करोड़ और शंकरपुर स्टेशन को 7.7 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए नई बिल्डिंग, अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, ऊंचे प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म शेड, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, रैंप, पेयजल, पार्किंग और एप्रोच रोड जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। खासतौर पर दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रैंप और लिफ्ट की व्यवस्था की गई है।
-
गोविंदपुर स्टेशन की विशेष भूमिका
हटिया-राउरकेला रेल लाइन पर स्थित गोविंदपुर रोड स्टेशन न केवल खूंटी और रांची को जोड़ता है, बल्कि यह माल और यात्री परिवहन के लिहाज से एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां से वर्तमान में दो पैसेंजर और तीन एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें जम्मूतवी-संबलपुर, एलेप्पी-धनबाद और तपस्विनी एक्सप्रेस प्रमुख हैं।
रेलवे अधिकारियों ने उद्घाटन से पूर्व सभी स्टेशनों का अंतिम निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आधुनिक स्टेशनों के निर्माण से स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Jairam Mahto के नाम पर की जा रही थी वसूली, JLKM के 6 नेता पार्टी से सस्पेंड









