Sahibganj, 5 जून: आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) को लेकर साहिबगंज जिला पुलिस (Sahibganj Police) ने आमजन से शांति, सौहार्द्र और साम्प्रदायिक एकता बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जारी इस अपील में लोगों से खासकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचने, भड़काऊ पोस्ट नहीं करने, और संवेदनशीलता बरतने की अपील की गई है।
पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं और निर्धारित स्थानों पर ही नमाज अदा करें। किसी भी धर्म, जाति या समुदाय विशेष को ठेस पहुंचाने वाली अफवाहें, वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर साझा न करें।
सोशल मीडिया पर सतर्कता की चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की किसी भी कोशिश को कानूनन अपराध माना जाएगा और इसके तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट और सुरक्षा संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
यदि कोई व्यक्ति भड़काऊ संदेश या वीडियो पोस्ट करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जा सकती है। इसके लिए निम्नलिखित माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है:
- नजदीकी थाना
- मीडिया सेल मोबाइल नंबर: 9470591082, 9631838645
- फेसबुक पेज: Sahibganj Poliice
- X अकाउंट: @SahibganjPoliice
- डायल 112
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साहिबगंज पुलिस ने जिले में अमन-चैन बनाए रखने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है।










