कल्याणचक लूटकांड: राजमहल थाना क्षेत्र के कल्याणचक स्थित न्यू दीपक ज्वेलर्स से बुधवार शाम हथियारबंद चार नकाबपोश अपराधियों द्वारा की गई लगभग चार किलो चांदी की लूट की घटना के दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। वारदात के 24 घंटे बीत जाने के बाद गुरुवार को पुलिस ने दुमका से खोजी कुत्ता मंगवाया। लेकिन जांच के दौरान खोजी कुत्ता भी अपराधियों की कोई खास जानकारी नहीं जुटा पाया। दुकान के अंदर कुछ सामान सुंघाने के बाद कुत्ता कुछ दूरी पर जाकर फिर वापस दुकान के पास ही बैठ गया।

डॉग स्क्वायड के कांस्टेबल राहुल यादव ने बताया कि यदि अपराधियों का कोई कपड़ा, मोजा या अन्य सामान होता तो सुराग मिलने की संभावना थी। लेकिन घटना के कुछ घंटे बाद ही बारिश होने के कारण खोजी कुत्ते को महत्वपूर्ण संकेत नहीं मिल सके। दुमका से कल्याणचक पहुंचने में टीम को करीब चार घंटे तीस मिनट का समय लगा।
बुधवार को हुई इस सनसनीखेज घटना में शाम 5 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुकान पर धावा बोल दिया था। हथियार लहराते हुए बदमाशों ने दुकान के अंदर फायरिंग की और दुकान मालिक अजीत शर्मा के साथ मारपीट कर जेवरात लूट लिए। भागते समय भी अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
घटना के बाद गुरुवार सुबह राजमहल पुलिस इंस्पेक्टर श्यामलाल हांसदा ने मौके पर पहुंचकर आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि अपराधी कितने थे और किस दिशा से आए थे। घटना को लेकर राजमहल थाना के एसआई विक्रम कुमार, महिला थाना प्रभारी पूजा कुमारी सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
इधर पीड़ित ज्वेलर्स के मालिक अजीत शर्मा के पुत्र दीपक शर्मा ने कहा कि 2020 में भी धनतेरस के समय उनके साथ लूट की वारदात हुई थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। दीपक ने बताया कि बुधवार की घटना के दौरान अपराधी उनका नाम लेकर बार-बार पूछ रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो वे सड़क जाम कर विरोध करेंगे।
ये भी पढ़ें: नीट की तैयारी कर रहे Sahibganj के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत, गांव में पसरा मातम









