Ranchi, 19 जून 2025 (गुरुवार): झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं का सबसे बड़ा केंद्र राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) फिर एक बार लापरवाह व्यवस्था और जलजमाव की त्रासदी का शिकार बन गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण ऑपरेशन थिएटर, अस्थि एवं जोड़ रोग विभाग, त्वचा रोग और आइसोलेशन वार्ड समेत बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर में बुरी तरह पानी भर गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो गईं और मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
RIMS प्रशासन ने PHED को ठहराया जिम्मेदार
इस बार खुद RIMS प्रशासन ने भी PHED पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संस्थान ने अपने आधिकारिक फ़ेसबुक पेज पर एक पोस्ट में जलजमाव की इस नियमित समस्या के लिए PHED की वर्षों की लापरवाही को ज़िम्मेदार ठहराया है। पोस्ट में कहा गया है:
“यह स्थिति न केवल मरीजों और कर्मचारियों के लिए असुविधाजनक है, बल्कि अस्पताल की स्वच्छता, सुरक्षा और कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रभाव डालती है। वर्ष दर वर्ष यह समस्या उत्पन्न होना दर्शाता है कि पीएचईडी विभाग द्वारा जल निकासी की व्यवस्था समय पर नहीं की जाती है।”
“रिम्स निदेशक प्रो. (डॉ.) राज कुमार द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बावजूद भी पीएचईडी विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जो न केवल लापरवाही को दर्शाता है बल्कि हजारों लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डालता है।”
इस पोस्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी टैग किया गया है, जो यह दर्शाता है कि संस्थान अब इस मामले को राज्य सरकार के शीर्ष स्तर तक पहुँचा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाएं अस्त-व्यस्त, संक्रमण का खतरा
जलभराव की वजह से स्ट्रेचर और व्हीलचेयर तक पानी में फंस गए हैं। मरीजों को वार्डों तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। कई सर्जरियां प्रभावित हुई हैं। त्वचा रोग विभाग और आइसोलेशन वार्ड में संक्रमण का खतरा और बढ़ गया है। चिकित्सकों का कहना है कि यह स्थिति “आपातकालीन स्वास्थ्य संकट” जैसी हो चुकी है।
क्या अब भी जागेगी सरकार?
यह सवाल अब और गंभीर हो गया है कि रिम्स जैसे संस्थान में जब हर साल यही स्थिति बनती है, तो उसका स्थायी समाधान क्यों नहीं खोजा गया? रिम्स प्रशासन अब खुलकर पीएचईडी पर आरोप लगा रहा है, मरीजों की जान से खिलवाड़ के इस मामले में सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत कराया गया है, अब देखना यह होगा कि सरकार इस पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करती है।
ये भी पढ़ें: Rahul Gandhi देश में मुहब्बत और इंसानियत की राजनीति के प्रतीक हैं: बरकतुल्लाह खान
