Firing in Sahibganj: साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरुगढ़ स्थित गैस गोदाम के पास शुक्रवार की रात एक जन्मदिन समारोह उस वक्त खौफनाक मंजर में तब्दील हो गया, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में मिथुन पासवान नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसकी कमर के निचले हिस्से में लगी, जिसे आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना के संबंध में घायल मिथुन पासवान ने बताया कि रात लगभग 9 बजे वह अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था, तभी अचानक छोटू पासवान, दीपक पासवान, पलटू पासवान, सलटू पासवान और अन्य ने राइफल से फायरिंग शुरू कर दी। छोटू पासवान की राइफल से चली एक गोली मिथुन को जा लगी। गोलीबारी की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी विजय कुशवाहा, एसडीपीओ किशोर तिर्की, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह व नगर थाना इंस्पेक्टर अमित गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।
घायल की पत्नी के आवेदन पर थाना में कांड संख्या 126/25 दर्ज किया गया। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ किशोर तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों – विक्रम कुमार पासवान उर्फ सलटू पासवान (26), दीपक कुमार पासवान (23), कृष पासवान (19), और बादल पासवान (19) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से 8 एमएम का एक खोखा और गोली का अग्रभाग बरामद किया है। छापामारी दल में सर्किल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, नगर थाना इंस्पेक्टर अमित गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, गंगा थाना प्रभारी लव कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।
इस घटना ने एक बार फिर जिले में आपराधिक तत्वों की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की तत्परता से यह विश्वास जरूर मजबूत होता है कि कानून के हाथ लंबे हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।









