-
588 करोड़ की लागत से बना Ranchi का रातू रोड फ्लाईओवर, रोजाना 2 लाख लोगों को मिलेगी सुविधा
Ranchi: राजधानी रांची को आज एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 3 जुलाई को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी रातू रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के पूरा होने से यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है। करीब 588 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर की लंबाई 3 किलोमीटर है और इसे तकनीकी रूप से अत्याधुनिक माना जा रहा है। उद्घाटन समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
रक्षा राज्य मंत्री और रांची सांसद संजय सेठ ने बताया कि रातू रोड को रांची की लाइफलाइन माना जाता है, जहां से रोजाना 1.5 से 2 लाख लोग गुजरते हैं। इनमें स्कूली छात्र, मरीज, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और व्यापारी शामिल हैं। इस रास्ते से रोजाना 300 से अधिक एंबुलेंस भी गुजरती हैं, जो पहले घंटों जाम में फंसी रहती थीं। अब फ्लाईओवर के शुरू हो जाने से मात्र 4 से 5 मिनट में यह रास्ता पार किया जा सकेगा, जो पहले 2 से 3 घंटे का समय लेता था।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि यह फ्लाईओवर उनका बचपन का सपना था। उन्होंने याद करते हुए बताया कि रामविलास पेट्रोल पंप के पास उन्होंने तीन दिन तक अनशन किया था। उन्होंने इस परियोजना को स्वीकृति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा,
“रातू रोड अब सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि एक पूरा नगर बन चुका है। बाजार, स्कूल, अस्पताल, कोचिंग और दफ्तर—सभी इसी इलाके में हैं। यह फ्लाईओवर यहां के लाखों लोगों की जिंदगी को आसान बनाएगा और विकास की रफ्तार को तेज करेगा।”
गुरुवार को होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, उच्चाधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होंगे। यह फ्लाईओवर न सिर्फ रांची को ट्रैफिक की समस्या से राहत देगा, बल्कि आने वाले समय में आर्थिक, सामाजिक और शहरी विकास का नया मार्ग भी प्रशस्त करेगा।
ये भी पढ़ें: Aurangabad: 15 साल से फूफा के प्यार में थी महिला, शादी के 45 दिन बाद ही पति की करवा दी हत्या
