-
Sahibganj विकास भवन में समीक्षा बैठक, पारदर्शिता और समयबद्धता पर ज़ोर
Sahibganj: ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चयनित राष्ट्रीय स्तरीय मॉनिटर (NLM) के आगमन को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं की निगरानी के लिए आई निरीक्षण टीम की तैयारी की समीक्षा करना था। केंद्र सरकार द्वारा श्री सुभाष कुमार सिन्हा एवं श्री सप्तर्षि रथ (CMRSD प्राइवेट लिमिटेड) को राष्ट्रीय मॉनिटर के रूप में नियुक्त किया गया है। दोनों निरीक्षणकर्ता आज साहिबगंज पहुंचे और जिले में निर्धारित स्थलों का भ्रमण शुरू करेंगे।
निरीक्षण दल जिले के पतना, उधवा एवं तालझारी प्रखंडों में विभिन्न योजनाओं का भौतिक सत्यापन करेगा। जिन योजनाओं का निरीक्षण प्रस्तावित है, उनमें मनरेगा, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, अजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वामित्व योजना, डिजिटलीकृत भूमि अभिलेख, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सांसद आदर्श ग्राम योजना एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (वाटरशेड घटक) शामिल हैं।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न हो। सभी संबंधित अधिकारी टीम को आवश्यक दस्तावेज एवं सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराएं और कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता तथा समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें।
बैठक में अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जेएसएलपीएस के डीपीएम मार्टिन तारीक सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: मतदाता सूची की पारदर्शिता हेतु अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक









