Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) बुधवार, 9 जुलाई को दिल्ली (Delhi) से रांची (Ranchi) पहुंचेंगे। वह बीते दो सप्ताह से दिल्ली में हैं, जहां वह अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन (Shibu Soren) के इलाज और देखभाल में लगे हुए हैं। इस दौरान वे दिल्ली (Delhi) से ही राज्य सरकार के कामकाज का संचालन कर रहे थे।
मुख्यमंत्री 10 जुलाई को रांची में आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में भाग लेंगे। यह बैठक झारखंड (Jharkhand) में हो रही है, जिसमें पूर्वी भारत के कई राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अगले दिन 11 जुलाई को दोपहर 2 बजे से राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई गई है। यह कैबिनेट बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है, क्योंकि लंबे अंतराल के बाद हो रही इस बैठक में लगभग तीन दर्जन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
सूत्रों के अनुसार, निकट भविष्य में संभावित नगर निकाय चुनावों को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव को भी इस बैठक में लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री के साथ उनके अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी फिलहाल दिल्ली में हैं, जहां से वे प्रशासनिक कार्यों में सहयोग कर रहे हैं और आवश्यक सलाह दे रहे हैं। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री के पुनः दिल्ली लौटने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: ग्रामीण विकास योजनाओं के अनुश्रवण हेतु राष्ट्रीय स्तरीय मॉनिटरिंग दल का आगमन









