Ranchi, 10 जुलाई: झारखंड (Jharkhand) की राजधानी रांची (Ranchi) में आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (Eastern Zonal Council) की अहम बैठक में हिस्सा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (amit Shah) बुधवार देर शाम रांची पहुंचे। उनके स्वागत में भाजपा (BJP) कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्साह दिखाया। वरुण साहु के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूलों के साथ एयरपोर्ट पर गृह मंत्री का भव्य स्वागत किया। भीड़ और जोश देखकर अमित शाह खुद गाड़ी से उतरकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते दिखे। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर “जय श्रीराम” और “अमित शाह जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक के लिए रांची, झारखंड पहुंचे। हवाई अड्डे पर प्रदेश अध्यक्ष श्री @yourBabulal जी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। pic.twitter.com/qu5gHzOME1
— Office of Amit Shah (@AmitShahOffice) July 9, 2025
इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) भी बुधवार शाम दिल्ली (Delhi) से रांची (Ranchi) लौट आए। वे पिछले कुछ दिनों से अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन (Shibu Soren) की तबीयत को लेकर दिल्ली में थे। मुख्यमंत्री आज (10 जुलाई) को होने वाली बैठक में हिस्सा लेंगे।
यह महत्वपूर्ण बैठक राजधानी रांची स्थित रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित की जा रही है। इसमें पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
ओडिशा से मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा और मंत्री मुकेश महालिंग बुधवार को रांची पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भी स्वागत किया, हालांकि उन्होंने मीडिया से बात नहीं की और सीधे होटल के लिए रवाना हो गए।
पश्चिम बंगाल की ओर से राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने भाग लिया। रांची एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि वे बैठक में राज्य से जुड़े मुद्दों को केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष रखेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस बैठक में अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
पश्चिम बंगाल प्रतिनिधिमंडल का स्वागत झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। बैठक का एजेंडा विकास, कानून-व्यवस्था, समन्वयात्मक प्रशासन और क्षेत्रीय सहयोग पर केंद्रित रहेगा।
ये भी पढ़ें: Deoghar: श्रावणी मेले का उद्घाटन आज, कल से स्पर्श पूजा पर रहेगी रोक









