Hiranpur (Pakur): थाना क्षेत्र के नामोपाड़ा गांव में गुरुवार दोपहर एक युवक द्वारा आत्महत्या कर लेने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दयाल दत्ता (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसने अपने घर में ओढ़नी से फंदा बनाकर पंखे में झूलकर आत्महत्या कर ली। परिजन युवक को तुरंत हिरणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर एएसआई किशोर कुमार टुडू पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पिता विजय दत्ता ने बताया कि दयाल की शादी तीन वर्ष पूर्व गांव में ही हुई थी और उसके दो पुत्र हैं। पिछले एक वर्ष से वह अपने परिवार के साथ घर के ऊपरी तल्ले पर अलग रह रहा था। बुधवार को उसकी पत्नी मायके चली गई थी, जिसके बाद गुरुवार को दोपहर एक बजे के करीब यह दुखद घटना घटी। परिजनों के अनुसार, उस समय वे और उनका बड़ा बेटा मिठाई की दुकान में थे।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सहित अन्य स्वजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां शव को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल था। इधर घटना की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और अस्पताल परिसर में शव की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: Pakur: जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समिति की बैठक में 54 कर्मियों को मिला एमएसीपी का लाभ









