Sahibganj: सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने जिले के दुर्गम क्षेत्रों जारपाहर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट और स्वास्थ्य उपकेंद्र पंचकठिया का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्देश जारी करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने की बात कही।
जारपाहर (दुर्गम क्षेत्र): VHSND सत्रों का निरीक्षण
जारपाहर में आयोजित विलेज हेल्थ, सेनिटेशन एंड न्यूट्रिशन डे (VHSND) सत्रों की समीक्षा की गई। जिले में निर्धारित 124 में से सभी 124 सत्र सफलतापूर्वक आयोजित किए गए—जो 100% उपलब्धि है। सिविल सर्जन ने ANM, साहिया, सेविका एवं BTT की उपस्थिति को सराहनीय बताया। उन्होंने दुर्गम क्षेत्र में कार्यरत साहियाओं को मोबाइल फोन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि एम्बुलेंस सेवा एवं विभागीय समन्वय को बेहतर बनाया जा सके।
बरहेट: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण
बरहेट सीएचसी में निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने पुराने IEC पोस्टरों को हटाकर, सभी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी को उच्च गुणवत्ता वाले साइनबोर्ड पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर एवं पीछे के हिस्से को स्वच्छ बनाए रखने पर बल दिया। डॉक्टरों की उपस्थिति सूची, MMU की तीन माह की कार्य योजना और रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। अस्पताल की सीढ़ियों के पास स्थित विद्युत पैनल को सुरक्षा कवच से कवर करने के निर्देश दिए। एक्स-रे की दरें न्यूनतम करने का सुझाव दिया, ताकि ज़्यादा से ज़्यादा मरीज लाभान्वित हो सकें।
इसके अलावा, सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल में DR सिस्टम युक्त आधुनिक एक्स-रे मशीन की स्थापना की जानकारी साझा की। जिले भर में कार्यरत और प्रतिनियुक्त MPW कर्मियों की अद्यतन सूची प्रस्तुत करने को कहा। बरहेट नर्सिंग स्कूल से संबंधित MoU की प्रतियां तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा,
“दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाएं और जनहित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।”
ये भी पढ़ें: Tinpahar: श्रावणी पूजा को लेकर मुरली पहाड़ में सेवा समिति की बैठक, श्रद्धालुओं की सुविधा पर बनी रणनीति









