Barharwa (Sahibganj): जिला उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री हेमंत सती ने शनिवार को बरहरवा प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं, भवन संरचना और संचालन व्यवस्था का गहराई से जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पाया कि अस्पताल में दिव्यांगों और वृद्ध मरीजों के लिए रैम्प की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे इन्हें आने-जाने में कठिनाई होती है। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने समावेशी ढांचे के तहत शीघ्र रैम्प निर्माण का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अस्पताल की छत की जर्जर स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग को मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया। इसके साथ ही कुपोषण उपचार केंद्र (MTC) का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बच्चों के लिए पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और देखभाल की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि, “केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनाया जाए, ताकि कुपोषित बच्चों को समय पर समुचित देखभाल मिल सके।”
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में नए प्रवेश द्वार के निर्माण का भी आदेश दिया ताकि आमजन के आवागमन को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सके। निरीक्षण के अंत में उपायुक्त श्री सती ने अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और उपस्थित कर्मियों एवं आम नागरिकों से अस्पताल परिसर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाए रखने की अपील की।
आज बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। दिव्यांगजन व वृद्ध मरीजों की सुविधा हेतु नए रैम्प निर्माण, जर्जर छत की मरम्मति, कुपोषण उपचार केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार एवं नया प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश दिए। pic.twitter.com/Vl2gxTlj6f
— DC Sahibganj (@dc_sahibganj) July 26, 2025
ये भी पढ़ें: Barharwa में समीक्षात्मक बैठक आयोजित, अबुआ आवास योजना की प्रगति तेज करने के निर्देश









