Miami (America): अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी सनसनी मचा दी। फ्लोरिडा निवासी एक महिला जब एयरपोर्ट पर चेकिंग के लिए पहुंची, तो अधिकारियों को उसकी ब्रा में अजीब हलचल महसूस हुई।
जब सुरक्षाकर्मियों ने उसकी तलाशी ली, तो वे दंग रह गए। महिला ने अपनी ब्रा के भीतर दो जिंदा कछुए छिपा रखे थे। कछुओं को कपड़े और प्लास्टिक रैप में लपेटा गया था ताकि बाहर से उनकी मौजूदगी का अंदाजा न लगाया जा सके। इस अजीबोगरीब तस्करी की घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खुद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी TSA (Transportation Security Administration) ने मामले से जुड़ी तस्वीरें साझा कर लोगों को चेताया है।
TSA की चेतावनी:
“हम बार-बार आग्रह करते हैं कि जानवरों को शरीर के अजीब हिस्सों में छिपाकर ले जाने की कोशिश न करें। कछुए जैसे जीव भी एयरपोर्ट पर यात्रा कर सकते हैं, लेकिन उनके लिए तय नियमों का पालन जरूरी है।”
पकड़े गए दोनों कछुओं को अब फ्लोरिडा मत्स्य एवं वन्य जीव विभाग को सौंप दिया गया है। यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका में एयरपोर्ट पर जानवरों की तस्करी का मामला सामने आया हो। मार्च 2025 में नेवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति ने अपनी पैंट में एक आक्रामक कछुए को छिपाकर ले जाने की कोशिश की थी। हालांकि, वह भी TSA की सतर्कता से पकड़ा गया और कछुए को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं वन्य जीव संरक्षण और हवाई सुरक्षा दोनों के लिए खतरनाक हैं, और ऐसी कोशिशें गंभीर कानूनी परिणाम ला सकती हैं।
ये भी पढ़ें: विधायक निसात आलम के पहल से तीन पहिया वाहन चालकों को राहत, Barharwa में लगेगा ड्राइविंग लाइसेंस शिविर









