Barharwa, 29 जुलाई: बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। ताजा तस्वीरें नगर पंचायत के अंतर्गत आने वाले सब्जी मंडी रोड की हैं, जो बरहरवा अंचल, प्रखंड, नगर पंचायत कार्यालय और आसपास के स्कूलों का मुख्य संपर्क मार्ग है। इन तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि भारी बारिश के बाद यह सड़क बुरी तरह जलमग्न हो चुकी है, और स्कूली बच्चे तथा राहगीर पानी में घुसकर आने-जाने को मजबूर हैं।
गौरतलब है कि 2018 में बरहरवा नगर पंचायत का गठन हुआ था। लेकिन गठन के लगभग सात वर्ष बाद भी मूलभूत विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। हाल के महीनों में नगर पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच कुछ विकासात्मक कार्यों की शुरुआत तो जरूर हुई, लेकिन सड़क और नाला निर्माण की धीमी गति और घटिया गुणवत्ता की पोल बारिश ने खोलकर रख दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सब्जी मंडी रोड की हालत वर्षों से खराब है, इसके बावजूद इसे प्राथमिकता नहीं दी गई। यह मार्ग बरहरवा अंचल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, नगर पंचायत कार्यालय, साथ ही कई स्कूलों तक पहुँचने का मुख्य रास्ता है। लेकिन स्थिति यह है कि इस जलजमाव के बीच स्कूली बच्चे, बुज़ुर्ग, महिलाएं और आमजन हर दिन जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछते हुए कहा है कि,
“अगर यही विकास है तो इससे बेहतर था कि बरहरवा पंचायत ही रहता। नगर पंचायत का गठन सिर्फ कागजों में विकास दिखाने के लिए हुआ है?”
अब देखना यह है कि इस गंभीर समस्या पर प्रशासन और जनप्रतिनिधि क्या कदम उठाते हैं या यह मुद्दा भी चुनावी वादों और घोषणाओं की फेहरिस्त में कहीं दबकर रह जाएगा।
ये भी पढ़ें: Ranchi: दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य लाभ हेतु पहाड़ी मंदिर में जलाभिषेक व फल-फूल वितरण









