Pakur, 29 जुलाई: हिरणपुर प्रखंड के सीतपहाड़ी गांव में मंगलवार को एक सराहनीय पहल के तहत समाजसेवी लुत्फल हक ने गोद लिए गए टीबी मरीजों के बीच पोषण किट्स का वितरण किया। इस कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. के.के. सिंह भी मौजूद रहे। लुत्फल हक ने सीतपहाड़ी क्षेत्र के कुल 100 टीबी मरीजों को गोद लिया है। मंगलवार को इनमें से 50 मरीजों को पोषण सामग्री से भरे किट्स दिए गए। किट्स में चावल, दाल, तेल, आलू, नमक, सोयाबीन, मसाला, हॉर्लिक्स आदि पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य सामग्री शामिल थी। शेष 50 मरीजों को आगामी दिनों में किट्स दिए जाएंगे।
डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि,
“भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मरीजों को गोद लेने और उन्हें पोषण व दवाओं की नियमित सुविधा देने की व्यवस्था की जा रही है। इसी कड़ी में लुत्फल हक का योगदान बेहद प्रेरणादायक है।”
लुत्फल हक ने इस अवसर पर कहा कि
“टीबी जैसी बीमारी से लड़ने के लिए मरीजों को सही इलाज के साथ पोषण की भी सख्त जरूरत होती है। समाज के हर व्यक्ति को इस अभियान से जुड़कर मदद करनी चाहिए। मैं आगे भी स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर मरीजों की सेवा करता रहूंगा।”
स्थानीय लोगों व मरीजों ने इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की। स्वास्थ्य विभाग ने भी समाजसेवी लुत्फल हक की इस भूमिका को अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
ये भी पढ़ें: लखनऊ में इनकम टैक्स अफसर के घर चोरी का Pakur कनेक्शन, हिरणपुर से बरामद हुआ लूटा सोना









