-
अंचलाधिकारी व थाना प्रभारी की संयुक्त कार्रवाई, चालक फरार
Pakur, 29 जुलाई: हिरणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात को प्रशासन ने अवैध पत्थर परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना माइनिंग चालान के पत्थर लदे एक हाईवा (संख्या JH 17 S 2651) को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई अंचलाधिकारी मनोज कुमार एवं थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में महारो गांव के समीप की गई। जानकारी के अनुसार, जब्त वाहन महारो स्थित क्रशर से चिप्स पत्थर लादकर कालीदासपुर की ओर जा रहा था। छापेमारी के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जांच में वाहन से पत्थर परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। प्रशासन ने वाहन चालक और मालिक के विरुद्ध हिरणपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मानसिंहपुर से विक्रमपुर होते हुए बिना माइनिंग चालान के पत्थर बंगाल की ओर भेजने का सिलसिला काफी समय से चल रहा है। कई वाहन रात-दिन खुलेआम इस रूट से गुजरते हैं, जिनमें से अधिकांश बिना वैध दस्तावेजों के चलते हैं। बताया जाता है कि इस अवैध नेटवर्क में कई तस्कर सक्रिय हैं जो प्रशासन की निगाहों से बचते हुए कारोबार चला रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से समय-समय पर छापेमारी की जाती रही है, लेकिन अब तक उन क्रशर प्लांटों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जहां से बिना वैध चालान के पत्थर की लोडिंग होती है। यह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने स्पष्ट कहा कि
“किसी भी हाल में अवैध खनन और परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
ये भी पढ़ें: Pakur: समाजसेवी लुत्फल हक ने गोद लिए टीबी मरीजों को बांटे पोषण किट्स









