Pakur/Hiranpur, 31 जुलाई: हिरणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक रहस्यमय और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला की गोद से तीन माह का मासूम बच्चा संदिग्ध परिस्थिति में गायब हो गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों में गहरा शोक और असमंजस का माहौल है।
घटना की जानकारी देते हुए बड़तल्ला निवासी अताउल्ला रहमान की पत्नी तंजीला बीबी ने बताया कि वह अपने पिता के साथ दवा लेने के लिए हिरणपुर बाजार आई थी। दवा लेने के उपरांत वह मोहनपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए एक टेम्पो में सवार हुई। उसी टेम्पो में मौजूद एक अज्ञात महिला ने पहले उसके साथ घुल-मिलने की कोशिश की और फिर बहलाकर बच्चे को लेकर निकल गई। पीड़िता का आरोप है कि डीसी मोड़ (पाकुड़) पहुंचने पर उक्त महिला ने उसे एक अन्य ऑटो में बैठा दिया और खुद मासूम को लेकर फरार हो गई। इस पूरे घटनाक्रम से स्तब्ध तंजीला बीबी का मानसिक संतुलन भी कुछ देर के लिए डगमगा गया था।
थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि महिला अकेली थाना पहुंची थी, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह बच्चा चोरी की घटना है या किसी साजिश की कड़ी। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर बच्चे की सुरक्षित बरामदगी का भरोसा दिलाया है। वहीं, घटना से आमजन में गहरी चिंता और आक्रोश व्याप्त है।
ये भी पढ़ें: Pakur: अनुसूचित क्षेत्र में ग्राम सभा की भूमिका पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन









