Sahibganj, 22 अगस्त: महज़ 19 साल की उम्र में जिंदगी से हार गया शोभनपुर भट्ठा का राजीव यादव उर्फ़ गिलहरी यादव। गुरुवार को जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत एफसीआई गोदाम के पास चाकूबाजी की वारदात में उसकी जान चली गई। घरवालों के आंसू सूख भी नहीं पाए थे, कि पुलिस ने आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
कहते हैं कि किसी मां के लिए अपने बेटे की चिता देखना सबसे बड़ा दुख होता है। राजीव की मां ने भी अपने लाल को खो दिया। लेकिन इस बार पुलिस की फुर्ती और जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह की तत्परता ने इंसाफ की लौ बहुत जल्द जला दी।
एसपी के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी टीम ने 24 घंटे के भीतर आशीष यादव और नितिश यादव को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस त्वरित कार्रवाई के बाद लोगों ने कहा कि, “राजीव की चिता की आग ठंडी होने से पहले ही उसके कातिल अपने अंजाम तक पहुंच गए।”
यह कार्रवाई न केवल मृतक परिवार के लिए सांत्वना बनी, बल्कि क्षेत्र के लोगों के दिलों में भी पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत किया।
छापामारी टीम में नगर प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई कुुुुंवर पांडेय, एसआई रोहित कुमार, मो शाहबुद्दीन, मनोज शर्मा, परसूफुल्ल हेम्ब्रम सहित जिरवाबाड़ी थाना पुलिस दल के अन्य जवान शामिल रहे।

ये भी पढ़ें: Ranchi: बरहरवा–बंगाल सीमा सड़क निर्माण को लेकर विधायक निसात आलम ने सौंपी मुख्यमंत्री को ज्ञापन









